थत्यूड

थत्यूड़ में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान का शुभारंभ, विधायक प्रीतम सिंह पवार ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

विभिन्न विभागों ने जनकल्याणकारी योजनाओं की दी जानकारी, महिलाओं को पोषण किट और अल्ट्रा पुअर लाभार्थियों को ₹35 हजार के चेक वितरित

थत्यूड़। प्रदेश सरकार के सेवा, सुशासन एवं समर्पण के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विकासखंड मुख्यालय थत्यूड़ के ब्लॉक सभागार में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक प्रीतम सिंह पवार ने कहा कि सरकार का उद्देश्य विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी सेवाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसी सोच के साथ विभिन्न विभागों के अधिकारी गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रहे हैं।

विधायक प्रीतम सिंह पवार ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी देते हुए लोगों से इनका अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार पारदर्शी, जवाबदेह और जनसेवा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम में सहायक समाज कल्याण अधिकारी नवीन रावत ने समाज कल्याण विभाग की विभिन्न पेंशन योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अब पात्रता पूरी करने पर पति और पत्नी दोनों को अलग-अलग वृद्धावस्था पेंशन का लाभ दिया जा रहा है, जबकि पहले परिवार में केवल एक सदस्य को ही यह सुविधा मिलती थी।

स्वास्थ्य विभाग की प्रभारी डॉ. मनीषा भारती ने बताया कि संस्थागत प्रसव कराने वाली गर्भवती महिलाओं को विभाग की ओर से ₹1400 की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है तथा उन्हें सुरक्षित घर तक पहुंचाने की भी व्यवस्था की गई है।

जिला पर्यटन अधिकारी सोबत सिंह राणा ने बताया कि वीर चंद्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना के तहत सब्सिडी पर ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही होम-स्टे योजना के माध्यम से स्थानीय लोगों को स्वरोजगार से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।

सहायक कृषि अधिकारी सूरज देव ने बताया कि कृषि विभाग किसानों को 80 प्रतिशत तक सब्सिडी पर कृषि यंत्र उपलब्ध करा रहा है। वहीं रबी एवं खरीफ योजनाओं के तहत 650 किसानों को लाभान्वित किया जा चुका है।

उद्यान, ग्रामीण विकास एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों ने भी अपनी-अपनी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय विधायक प्रीतम सिंह पवार एवं ब्लॉक प्रमुख सीता पवार ने दो महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी पोषण किट वितरित की। वहीं ग्राम उत्थान परियोजना के अंतर्गत अल्ट्रा पुअर श्रेणी की नौ महिलाओं को ₹35-35 हजार के चेक भी प्रदान किए गए।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख सीता पवार, जिला पर्यटन अधिकारी सोबत सिंह राणा, खंड विकास अधिकारी अर्जुन सिंह रावत, तहसीलदार सद्दाम, एडीओ डी.पी. चमोली, भाजपा मंडल अध्यक्ष सुनील थपलियाल, महामंत्री अकबीर पंवार, खेमराज भट्ट, हरभजन सिंह पवार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!