उत्तराखंड

प्रतापनगर में राज्यमंत्री सोना सजवाण ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश, बूथ मजबूत करने का दिया मंत्र

शक्ति केंद्र सुनहरीगाड़ की बैठक में विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा, गांवों में जनसंवाद कर सुनीं समस्याएं; पांडव नृत्य में भी की सहभागिता

लंबगांव (टिहरी गढ़वाल)। प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा संगठन को मजबूत बनाने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति देने के लिए राज्यमंत्री सोना सजवाण सक्रिय नजर आईं। सोमवार को उन्होंने पट्टी ढुंगमंदार के शक्ति केंद्र सुनहरीगाड़ की बैठक में प्रतिभाग किया। इस दौरान संगठनात्मक गतिविधियों, पार्टी कार्यक्रमों और बूथ सशक्तीकरण को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा की गई।

बैठक में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सोना सजवाण ने कार्यकर्ताओं से संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ‘अपना बूथ, सबसे मजबूत’ के संकल्प के साथ सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करना चाहिए। उन्होंने बूथ स्तर पर संगठन की मजबूती के लिए कार्यकर्ताओं को आवश्यक सुझाव भी दिए।

गांवों में जनसंवाद कर सुनीं समस्याएं

शक्ति केंद्र की बैठक के बाद सोना सजवाण ने ग्राम पंचायत लासी, ढुंग और मंदार का भ्रमण कर स्थानीय लोगों से सीधा संवाद किया। इस दौरान ग्रामीणों ने उनके सामने क्षेत्र की विभिन्न समस्याएं रखीं। सोना सजवाण ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके निराकरण के लिए आवश्यक प्रयास करने का भरोसा दिलाया।

उन्होंने ग्रामीणों को केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि इन योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से भी आह्वान किया कि वे सरकार की योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाएं, ताकि अधिक से अधिक लोग इनका लाभ उठा सकें।

पांडव नृत्य में शामिल होकर की क्षेत्र की खुशहाली की कामना

अपने भ्रमण के दौरान सोना सजवाण ओण पट्टी की ग्राम पंचायत मांजफ भी पहुंचीं, जहां उन्होंने पारंपरिक एवं पौराणिक पांडव नृत्य में सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

उन्होंने कहा कि पांडव नृत्य उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति और प्राचीन परंपराओं का महत्वपूर्ण प्रतीक है। ऐसी सांस्कृतिक विरासत हमारी पहचान है, जिसे संरक्षित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि लोक परंपराओं के संरक्षण और उन्हें नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए सामूहिक प्रयास किए जाने चाहिए।

इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से विभिन्न विषयों पर चर्चा करते हुए सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में सहभागिता का संदेश भी दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!