डीएवी पीजी कॉलेज देहरादून बना अंतर महाविद्यालय बैडमिंटन चैंपियन, प्रेरित ममगाईं ने एकल मुकाबले में मारी बाजी
एसआरटी परिसर बादशाही थौल की मेजबानी में नई टिहरी में हुई प्रतियोगिता; महिला वर्ग में आस्था बोरा ने जीता एकल खिताब, नॉर्थ जोन प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों का चयन

टिहरी गढ़वाल, 15 नवंबर। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय की अंतर महाविद्यालय महिला एवं पुरुष बैडमिंटन प्रतियोगिता में डीएवी पीजी कॉलेज देहरादून ने पुरुष टीम वर्ग का खिताब अपने नाम किया। वहीं पुरुष एकल वर्ग में परिसर श्रीनगर के प्रेरित ममगाईं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियनशिप जीती। महिला एकल वर्ग में आस्था बोरा ने खिताबी जीत दर्ज की। प्रतियोगिता का आयोजन एसआरटी परिसर, बादशाही थौल, टिहरी की ओर से नई टिहरी स्थित बहुउद्देशीय भवन के बैडमिंटन हॉल में किया गया।
पुरुष टीम वर्ग में डीएवी देहरादून का दबदबा
प्रतियोगिता के दूसरे दिन पुरुष टीम वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल दिखाया। पहले सेमीफाइनल में परिसर श्रीनगर ने डीबीएस कॉलेज देहरादून को 15-12 और 15-13 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरे सेमीफाइनल में डीएवी पीजी कॉलेज देहरादून ने एसजीआरआर पीजी कॉलेज देहरादून को लगातार दो सेटों में 15-12 और 15-13 से पराजित कर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई।
फाइनल मुकाबले में डीएवी पीजी कॉलेज देहरादून और परिसर श्रीनगर की टीमें आमने-सामने थीं। हालांकि, मुकाबले के दौरान श्रीनगर के एक खिलाड़ी के चोटिल होने के कारण डीएवी देहरादून को वॉकओवर मिला और उसे पुरुष टीम वर्ग का विजेता घोषित किया गया।
प्रेरित ममगाईं ने जीता पुरुष एकल खिताब
पुरुष एकल वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबलों में डीएवी देहरादून के आकाश सजवान ने डीबीएस पीजी कॉलेज देहरादून के कार्तिक कुमार को 15-13 और 15-11 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। वहीं परिसर श्रीनगर के प्रेरित ममगाईं ने टिहरी परिसर के राजीव कुमार को 15-12 और 15-10 से पराजित कर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया।
देर रात तक चले फाइनल मुकाबले में प्रेरित ममगाईं और आकाश सजवान के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। दोनों खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल, शानदार डिफेंस और बेहतरीन शॉट्स से दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। अंततः प्रेरित ममगाईं ने 15-14 और 15-10 से जीत दर्ज कर पुरुष एकल चैंपियनशिप अपने नाम की। इस शानदार प्रदर्शन पर परिसर पौड़ी से आए सुभाष भट्ट ने दोनों खिलाड़ियों को 500-500 रुपये की नकद प्रोत्साहन राशि प्रदान की।
महिला एकल वर्ग में आस्था बोरा चैंपियन
महिला एकल वर्ग के फाइनल में आस्था बोरा और स्मृति तिवारी के बीच मुकाबला हुआ। आस्था बोरा ने लगातार दो सेट 15-13 और 15-10 से जीतकर महिला एकल वर्ग का खिताब अपने नाम किया।
नॉर्थ जोन प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों का चयन
प्रतियोगिता के दौरान महिला और पुरुष वर्ग के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन आगामी नॉर्थ जोन प्रतियोगिताओं के लिए किया गया। महिला वर्ग में स्मृति तिवारी (डीएवी कॉलेज देहरादून), आस्था बोरा (राठ विद्यालय पैठाणी), मानसी कोठारी (एसआरटी परिसर टिहरी), वाडिका बदानी और अनु प्रेरणा (डीबीएस कॉलेज देहरादून) को चयनित टीम में शामिल किया गया है। महिला टीम महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय, रोहतक में होने वाली प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेगी।
पुरुष वर्ग में प्रेरित ममगाईं, आकाश सजवान, कार्तिक कुमार, राजीव कुमार, सचिन कुमार और मानस तिवारी का चयन किया गया है। यह टीम उत्तरी क्षेत्र की अंतर विश्वविद्यालय नॉर्थ जोन प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेगी। आयोजक सचिव प्रोफेसर केसी पेटवाल के अनुसार, पुरुष टीम की प्रतियोगिता जालंधर में आयोजित होगी।
खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर किया सम्मानित
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विजेता खिलाड़ियों और टीमों को पुरस्कार एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। आयोजक सचिव एवं एसआरटी परिसर टिहरी के खेल विभागाध्यक्ष प्रोफेसर केसी पेटवाल ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी टीमों, अतिथियों और आयोजन में सहयोग करने वाले सदस्यों का आभार जताया। उन्होंने खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने और उच्च स्तर पर पहचान बनाने का अवसर प्रदान करती हैं।
इस अवसर पर अध्यक्ष प्रोफेसर सुबोध कुमार शर्मा, प्रोफेसर यूएस नेगी, प्रोफेसर शंकर लाल, डॉ. मोहित बिष्ट, दिनेश रावत, डॉ. आशुतोष सिंह, डॉ. हंसराज बिष्ट, डॉ. वंदना डोभाल, संदीप रावत, भगत सिंह चौहान, रवि नेगी, दिनेश ममगाईं, अजय नेगी सहित निर्णायक मंडल के सदस्य, विभिन्न महाविद्यालयों के खिलाड़ी और आयोजन से जुड़े अन्य लोग उपस्थित रहे।



