उत्तराखंड

मसूरी में बड़ा हादसा: 10 मीटर गहरी खाई में गिरी टेम्पो ट्रैवलर, 21 लोगों को सुरक्षित निकाला

झील के पास मल्होत्रा होमस्टे के नजदीक हुआ हादसा, पैरापिट तोड़कर पेड़ों में अटका वाहन; एक महिला यात्री घायल

मसूरी। हरिद्वार से मसूरी जा रही पर्यटकों से भरी एक टेम्पो ट्रैवलर गुरुवार शाम झील के पास मल्होत्रा होमस्टे के नजदीक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पैरापिट तोड़ते हुए करीब 10 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद वाहन नीचे पेड़ों में अटक गया। दुर्घटना के समय वाहन में चालक सहित कुल 21 लोग सवार थे। स्थानीय लोगों की मदद से सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 12 नवंबर 2026 को शाम करीब 4:40 बजे टेम्पो ट्रैवलर संख्या DL1VC5507 हरिद्वार से मसूरी की ओर जा रही थी। झील के पास मल्होत्रा होमस्टे के नजदीक पहुंचते ही वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और पैरापिट तोड़कर खाई में जा गिरा।

गुजरात के रहने वाले हैं सभी यात्री

वाहन में पांच परिवारों के सदस्य सवार थे। सभी गुजरात के निवासी हैं और वर्तमान में मुंबई में रहते हैं। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद चालक समेत सभी 21 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

एक महिला यात्री को आई चोट

दुर्घटना में करीब 45 वर्षीय महिला यात्री सखी पटेल को साधारण चोटें आईं। उन्हें प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई और सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया।

दुर्घटना के कारणों की जांच जारी

वाहन चालक की पहचान सोनू पुत्र राजेंद्र कुमार, उम्र करीब 40 वर्ष, निवासी सेक्टर-18, रोहिणी, दिल्ली के रूप में हुई है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। संबंधित मामले में नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!