उत्तराखंड

जौनपुर महोत्सव को लेकर बढ़ा उत्साह, थत्यूड़ में CM धामी के स्वागत की तैयारी तेज; सीता पंवार ने की ये अपील

12 से 14 नवंबर तक होगा तीन दिवसीय महोत्सव, लोकसंस्कृति और पारंपरिक विरासत को मिलेगा मंच; मुख्यमंत्री के समक्ष उठेंगे क्षेत्र के विकास और जनसमस्याओं के मुद्दे

रिपोर्ट–मुकेश रावत 

थत्यूड़ (टिहरी गढ़वाल)। जौनपुर महोत्सव को भव्य और ऐतिहासिक बनाने के लिए क्षेत्र में तैयारियां तेज हो गई हैं। 12, 13 और 14 नवंबर को थत्यूड़ में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय महोत्सव को लेकर जनप्रतिनिधियों, आयोजन समिति और क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह है। महोत्सव के पहले दिन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रस्तावित आगमन को देखते हुए उनके स्वागत और कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने की कवायद शुरू हो गई है।

जौनपुर की समृद्ध लोकसंस्कृति, पारंपरिक विरासत और विकास की संभावनाओं को सामने लाने वाले इस महोत्सव को सफल बनाने के लिए सोमवार को जौनपुर विकासखंड मुख्यालय थत्यूड़ स्थित ब्लॉक सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में आयोजन की तैयारियों की समीक्षा करने के साथ विभिन्न समितियों के गठन और जनप्रतिनिधियों को जिम्मेदारियां सौंपने पर चर्चा की गई।

जौनपुर की संस्कृति और विकास को मिलेगी नई पहचान : सीता पंवार

बैठक में ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार ने कहा कि जौनपुर महोत्सव केवल सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि क्षेत्र की पहचान, खुशहाली और विकास को नई दिशा देने का महत्वपूर्ण मंच है। ऐसे आयोजनों से क्षेत्र की लोकसंस्कृति, रीति-रिवाजों और पारंपरिक विरासत को व्यापक पहचान मिलती है। साथ ही स्थानीय कलाकारों, युवाओं और उभरती प्रतिभाओं को अपनी कला एवं कौशल प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है।

उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासी लंबे समय से मुख्यमंत्री के आगमन की प्रतीक्षा कर रहे थे। उनके प्रस्तावित दौरे से लोगों में नई उम्मीद और उत्साह का संचार हुआ है। सीता पंवार ने जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों से आपसी मतभेद भुलाकर एकजुटता के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत करने और महोत्सव को सफल बनाने की अपील की।

मुख्यमंत्री के सामने उठेंगे क्षेत्र के विकास के मुद्दे

ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार ने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे के दौरान जौनपुर क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं और विकास से जुड़ी जरूरतों को प्रभावी ढंग से उनके समक्ष रखा जाना चाहिए। इससे क्षेत्र के विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि जौनपुर के सर्वांगीण विकास के लिए सभी राजनीतिक दलों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर साझा प्रयास करने होंगे। महोत्सव क्षेत्र की समस्याओं को सामने रखने और विकास की नई संभावनाओं पर चर्चा करने का भी अवसर बनेगा।

विभिन्न समितियां संभालेंगी आयोजन की जिम्मेदारी

महोत्सव को व्यवस्थित और आकर्षक बनाने के लिए विभिन्न समितियों के गठन पर चर्चा की गई। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और सामाजिक संगठनों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपने की रणनीति बनाई गई।

सीता पंवार ने महोत्सव समिति के अध्यक्ष और आयोजन से जुड़े सभी पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि किसी भी बड़े आयोजन की सफलता सामूहिक सहभागिता और आपसी सहयोग पर निर्भर करती है। उन्होंने ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों, जिला पंचायत प्रतिनिधियों और आम जनता से महोत्सव में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

बैठक में ये रहे मौजूद

बैठक में जौनपुर महोत्सव समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र राणा, विकास मंच के अध्यक्ष रतनमणि भट्ट, जिला पंचायत सदस्य सविता देवी, जयपाल कैरवाण, खेमराज भट्ट, महावीर सजवाण, सुनील सजवाण, सुमेरचंद पंवार, प्रधान जगपाल पंवार, हीरामणि गौड़, दीपेंद्र रावत, वीरेंद्र चंदेल, रघुवीर पंवार सहित क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!