उत्तराखंड

एसएसपी श्वेता चौबे का थत्यूड़ थाने में औचक निरीक्षण, नए भवन की भूमि का भी लिया जायजा

लंबित विवेचनाओं और जनशिकायतों की समीक्षा कर दिए समयबद्ध निस्तारण के निर्देश, फरियादियों से सम्मानजनक व्यवहार और अपराध नियंत्रण पर दिया जोर

थत्यूड़ (टिहरी गढ़वाल)। टिहरी गढ़वाल की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने गुरुवार को थाना थत्यूड़ का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ प्रस्तावित नए थाना भवन के लिए चयनित भूमि का स्थलीय निरीक्षण भी किया। एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बनाए रखने, लंबित मामलों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने और आमजन की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

थाने की व्यवस्थाओं का लिया जायजा

निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने थाना कार्यालय, अभिलेखों, मालखाना, शस्त्रागार, सीसीटीएनएस, भोजनालय और साफ-सफाई सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए थाने में व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने पर जोर दिया।

नए थाना भवन के निर्माण की प्रक्रिया जारी

थाना थत्यूड़ के प्रशासनिक भवन के निर्माण के लिए प्रस्तावित भूमि का भी एसएसपी ने निरीक्षण किया। पुलिस विभाग के अनुसार, नए भवन के निर्माण के लिए उत्तराखंड पेयजल निगम से विस्तृत प्राक्कलन तैयार कराए गए हैं। इन्हें पुलिस मुख्यालय के माध्यम से वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति के लिए उत्तराखंड शासन को भेजा गया है। शासन स्तर से स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण की दिशा में आगे की प्रक्रिया बढ़ेगी।

लंबित विवेचनाओं और जनशिकायतों की समीक्षा

एसएसपी ने थाना पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक कर लंबित विवेचनाओं, जनशिकायतों, अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी मामलों की निष्पक्ष जांच करते हुए उनका गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। प्रत्येक शिकायत पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के साथ किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाए।

गश्त और चेकिंग बढ़ाने के निर्देश

अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाने के लिए एसएसपी ने नियमित गश्त, सघन चेकिंग और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि थाने में आने वाले प्रत्येक फरियादी के साथ संवेदनशीलता और सम्मान के साथ व्यवहार किया जाए।

एसएसपी श्वेता चौबे ने पुलिसिंग में पारदर्शिता, जवाबदेही और प्रभावी जनसुनवाई को प्राथमिकता देने पर जोर देते हुए कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!