बरसात से पहले एक्शन मोड में मंत्री गणेश जोशी, घट्टी गोला मोटर मार्ग का किया निरीक्षण
अधिकारियों को सुरक्षात्मक कार्य और प्रोटेक्शन नेट लगाने के दिए निर्देश, बोले— जनसुरक्षा से कोई समझौता नहीं

देहरादून। बरसात के मौसम में आमजन को सुरक्षित और निर्बाध आवागमन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने रविवार को गढ़ी कैंट के घट्टी गोला मोटर मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सड़क की स्थिति का जायजा लेने के साथ स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं और अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
मंत्री ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बारिश के दौरान मार्ग पर किसी प्रकार की दुर्घटना या आवागमन में बाधा उत्पन्न न हो, इसके लिए सभी सुरक्षात्मक कार्य प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरे किए जाएं। उन्होंने विशेष रूप से संवेदनशील स्थानों पर प्रोटेक्शन नेट लगाने और सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने पर जोर दिया।
गणेश जोशी ने कहा कि प्रदेश सरकार के लिए जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने और बारिश के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना या मार्ग अवरोध से समय रहते निपटा जा सके।
निरीक्षण के दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता लक्ष्मण सिंह रावत, मंजीत रावत, किरण, सिंचाई विभाग के एई संजीव सिंह सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।



