जौनपुर ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार ने थामा भाजपा का दामन, दर्जनों समर्थकों ने भी ली पार्टी की सदस्यता
देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और धनोल्टी विधायक प्रीतम सिंह पंवार की मौजूदगी में हुआ सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम। कनिष्ठ प्रमुख मंजू पंवार समेत कई जनप्रतिनिधि और समर्थक भाजपा में शामिल।

थत्यूड़ /देहरादून, 18 नवंबर। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने टिहरी गढ़वाल में अपनी राजनीतिक स्थिति और मजबूत करने का दावा किया है। जौनपुर की ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार के भाजपा में शामिल होने के बाद पार्टी ने जिले के सभी नौ विकासखंडों में भाजपा के ब्लॉक प्रमुख होने की बात कही है। बुधवार को देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने जौनपुर की ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार, कनिष्ठ प्रमुख, जिला पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्यों और ग्राम प्रधानों सहित कई जनप्रतिनिधियों को पार्टी की सदस्यता दिलाई।
भाजपा ने इस घटनाक्रम को टिहरी गढ़वाल में अपनी राजनीतिक मजबूती के तौर पर पेश किया। कार्यक्रम में धनोल्टी विधायक प्रीतम पंवार के प्रयासों का भी उल्लेख किया गया।
महेंद्र भट्ट बोले- विकास के कारण भाजपा से जुड़ रहे जनप्रतिनिधि
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक परिवार की तरह है। पार्टी में सामान्य कार्यकर्ता को भी शीर्ष पद तक पहुंचने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सदस्यता और संगठन की ताकत का आधार कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता का विश्वास है।
भट्ट ने कहा कि आज जनप्रतिनिधि विकास कार्यों को देखकर भाजपा से जुड़ रहे हैं। उनके अनुसार, पहले विकास की चर्चा घोषणाओं और नारों तक सीमित रहती थी, जबकि अब सड़क, बिजली, कनेक्टिविटी और जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से बदलाव दिखाई दे रहा है।
सड़क, बिजली और जनकल्याणकारी योजनाओं का किया उल्लेख
महेंद्र भट्ट ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और प्रदेश की पुष्कर सिंह धामी सरकार के कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखंड में सड़क संपर्क को बेहतर बनाने की दिशा में काम हुआ है। दिल्ली-देहरादून हाईवे, ऑल वेदर रोड और अन्य सड़क परियोजनाओं से राज्य की कनेक्टिविटी मजबूत हुई है।
उन्होंने गरीबों को मुफ्त राशन, आयुष्मान योजना और सरकारी सहायता सीधे बैंक खातों में पहुंचाने जैसी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार की नीतियों के केंद्र में आम नागरिक और गरीब परिवार हैं।
भट्ट ने नए सदस्यों को भरोसा दिलाया कि पार्टी में उनके मान-सम्मान और राजनीतिक प्रतिष्ठा का पूरा ध्यान रखा जाएगा।
2027 के चुनाव में 65 पार का लक्ष्य
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने विधानसभा चुनाव में 65 से अधिक सीटें जीतने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसे हासिल करने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर लोगों को पार्टी की विचारधारा और सरकार की योजनाओं से जोड़ने की अपील की। साथ ही कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष के आंतरिक मतभेद और सत्ता को लेकर खींचतान जनता के सामने है।
रीता पंवार ने जताया शीर्ष नेतृत्व का आभार
भाजपा में शामिल हुईं जौनपुर की ब्लॉक प्रमुख रीता पंवार ने पार्टी के केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने उन्हें और उनके सहयोगियों को पार्टी से जुड़ने का अवसर देकर सम्मान दिया है।
रीता पंवार ने भरोसा दिलाया कि वह अपने सहयोगियों के साथ मन, कर्म और वचन से पार्टी को मजबूत करने के लिए काम करेंगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में विकसित भारत और विकसित उत्तराखंड के संकल्प को आगे बढ़ाने में योगदान देने की बात कही।
उन्होंने कहा कि पार्टी की ओर से जो भी जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, उसका पूरी निष्ठा और क्षमता के साथ निर्वहन किया जाएगा।
कई जनप्रतिनिधियों ने ली भाजपा की सदस्यता
भाजपा की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, जौनपुर की ब्लॉक प्रमुख रीता पंवार के साथ कनिष्ठ प्रमुख मंजू पंवार, जिला पंचायत सदस्य दीक्षा नेगी, क्षेत्र पंचायत सदस्य सोमवती सकलानी, पूरन सिंह बेलवाल, जसवंत पुंडीर, सुमित्रा देवी, पूर्णिमा कठैत, संगीता वर्मा और लक्ष्मी नौटियाल सहित कई जनप्रतिनिधियों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
इसके अलावा ग्राम प्रधान रश्मि सकलानी, मोनिका पंवार, मनीष चौहान, श्वेता राणा, गीता राणा, सरिता राणा, पूनम नौटियाल, कुसुम रावत और सुनीता पंवार सहित अन्य लोगों के भाजपा में शामिल होने की जानकारी दी गई। सेवानिवृत्त कर्मचारी डॉ. राजवीर सिंह नेगी और शूरवीर सिंह पंवार का नाम भी शामिल लोगों में बताया गया है।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, प्रदेश मंत्री नलिन भट्ट, धनोल्टी विधायक प्रीतम पंवार और प्रदेश कार्यालय सचिव जगमोहन रावत सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।



