उत्तराखंड ताज़ा

उत्तराखंड के दूरस्थ गांवों तक पहुंचेगा इलाज, CM धामी ने दो ‘आरोग्य रथ’ को दिखाई हरी झंडी

अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ के दुर्गम क्षेत्रों में मिलेगी स्वास्थ्य सुविधा, डॉक्टरों और जरूरी दवाओं से लैस मोबाइल मेडिकल यूनिट से ग्रामीणों को होगा लाभ

देहरादून। उत्तराखंड के पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बड़ी पहल की है। मंगलवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय, देहरादून से मुख्यमंत्री ने अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ जनपदों के दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दो मोबाइल मेडिकल यूनिट ‘आरोग्य रथ’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

यह पहल पर्नोड रिकार्ड इंडिया फाउंडेशन के कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) कार्यक्रम के अंतर्गत टीएसएल फाउंडेशन द्वारा संचालित की जा रही है। इन मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को उनके आसपास ही प्राथमिक चिकित्सा और स्वास्थ्य परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

दुर्गम क्षेत्रों में घर के नजदीक मिलेगी स्वास्थ्य सुविधा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश के पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उत्तराखंड की विषम भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को लोगों के नजदीक पहुंचाना बेहद आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि ‘आरोग्य रथ’ के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों के निवासियों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं मिलने के साथ ही स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की शुरुआती पहचान और समय पर चिकित्सकीय परामर्श प्राप्त करने में मदद मिलेगी।

डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ और जरूरी दवाओं से लैस होंगे आरोग्य रथ

मुख्यमंत्री ने बताया कि मोबाइल मेडिकल यूनिट में चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ, फार्मासिस्ट और आवश्यक दवाओं की व्यवस्था की गई है। इनके माध्यम से लोगों को प्राथमिक एवं निवारक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की प्रारंभिक पहचान, समय पर परामर्श और लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया जाएगा।

स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार में सामाजिक संस्थाओं की भागीदारी अहम

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने और उनका विस्तार करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। विशेष रूप से पर्वतीय एवं दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए विभिन्न स्तरों पर काम किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने में सरकारी प्रयासों के साथ कॉर्पोरेट क्षेत्र और सामाजिक संस्थाओं की भागीदारी भी महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी विभिन्न संस्थाएं स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य सामाजिक क्षेत्रों के विकास में इसी प्रकार सहयोग करती रहेंगी।

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद

इस अवसर पर उत्तराखंड राज्य स्तरीय खेल परिषद के उपाध्यक्ष हेमराज बिष्ट, पलायन निवारण आयोग के सदस्य अनिल सिंह शाही, सचिव स्वास्थ्य विनय शंकर पांडेय, अपर सचिव मनमोहन मैनाली, पर्नोड रिकार्ड इंडिया फाउंडेशन की सीनियर डायरेक्टर (सीएसआर) अनंतिका सिंह, टीएसएल ग्रुप के सीईओ साहिल अरोड़ा और डायरेक्टर आदेश गुप्ता सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!