थत्यूड़ कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव की सरगर्मी तेज, अध्यक्ष पद पर त्रिकोणीय मुकाबला
ढोल-नगाड़ों के साथ निकला जुलूस, एबीवीपी और एनएसयूआई के प्रत्याशियों ने कराया नामांकन; 359 छात्र-छात्राएं करेंगे मतदान

रिपोर्ट — मुकेश रावत
थत्यूड़। राजकीय महाविद्यालय थत्यूड़ में छात्रसंघ निर्वाचन 2026-27 को लेकर चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद विभिन्न पदों पर प्रत्याशियों की तस्वीर साफ हो गई है। अध्यक्ष पद पर तीन प्रत्याशियों के मैदान में उतरने से मुकाबला दिलचस्प हो गया है। वहीं अन्य पदों पर भी एबीवीपी और एनएसयूआई समर्थित प्रत्याशियों के बीच मुकाबला देखने को मिलेगा।
गुरुवार को एबीवीपी और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने थत्यूड़ मुख्य बाजार से ढोल-नगाड़ों के साथ जुलूस निकाला। जुलूस राजकीय महाविद्यालय परिसर पहुंचा, जहां प्रत्याशियों ने अपने-अपने पदों के लिए नामांकन दाखिल किया। नामांकन के दौरान समर्थकों में खासा उत्साह नजर आया।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. कुंवर सिंह की ओर से जारी विज्ञप्ति संख्या-03 के अनुसार अध्यक्ष पद के लिए दीपांशु रावत, आशीष सिंह नेगी और नंदिनी ने नामांकन कराया है। उपाध्यक्ष पद पर दीपिका रावत और शानू पंवार आमने-सामने हैं। महासचिव पद के लिए सानिया धीमान और मुस्कान ने नामांकन किया है।
सहसचिव पद पर काजल गौड़ और मंजू महर तथा कोषाध्यक्ष पद पर सलोनी और रंगीता चुनाव मैदान में हैं। विश्वविद्यालय प्रतिनिधि (यूआर) पद के लिए सागर और प्रतिष्ठा चमोली ने नामांकन दाखिल किया है।
नामांकन के बाद प्रत्याशियों ने छात्र-छात्राओं से संपर्क कर अपने पक्ष में समर्थन जुटाना शुरू कर दिया है। कॉलेज परिसर में चुनावी चर्चाओं का दौर भी तेज हो गया है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. कुंवर सिंह ने बताया कि सभी पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। चुनाव निर्धारित नियमों एवं छात्रसंघ निर्वाचन संबंधी दिशा-निर्देशों के अनुसार कराया जाएगा। शांतिपूर्ण निर्वाचन के लिए पुलिस प्रशासन को भी अवगत कराया गया है। उन्होंने बताया कि राजकीय महाविद्यालय थत्यूड़ में कुल 359 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आदित्य कुमार मौर्य ने सभी प्रत्याशियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छात्रसंघ चुनाव विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता, जिम्मेदारी और सहभागिता की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने सभी प्रत्याशियों से महाविद्यालय की गरिमा और अनुशासन बनाए रखने की अपील की।
महाविद्यालय प्रशासन की ओर से चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। अब सभी की नजरें चुनाव प्रचार और मतदान की आगामी प्रक्रिया पर टिकी हैं।



