थत्यूड़ पहुंचे अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज कोच सुभाष राणा, बोले- शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार से ही रुकेगा पलायन
न्याय पंचायत स्तर पर खेल सुविधाएं विकसित करने पर दिया जोर, कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर जानी क्षेत्र की समस्याएं

रिपोर्ट — मुकेश रावत
थत्यूड़। धनोल्टी विधानसभा क्षेत्र में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज होती नजर आ रही है। इसी बीच अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज और कोच सुभाष राणा थत्यूड़ पहुंचे, जहां उन्होंने भाजपा के पुराने कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों से मुलाकात कर क्षेत्र की समस्याओं को जाना।
सुभाष राणा सकलाना क्षेत्र में कार्यक्रम में शामिल होने के बाद भवान क्षेत्र होते हुए थत्यूड़ पहुंचे। यहां पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने पलायन, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और खेल सुविधाओं को लेकर अपनी बात खुलकर रखी।
उन्होंने कहा कि जौनपुर के गांवों से लगातार पलायन हो रहा है और इसके पीछे शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के साथ-साथ खेल सुविधाओं की कमी भी एक बड़ा कारण है। उनका कहना है कि अगर गांव से ही युवाओं को बेहतर शिक्षा, रोजगार और खेल के संसाधन उपलब्ध कराए जाएं, तो पलायन पर काफी हद तक रोक लगाई जा सकती है।
सुभाष राणा ने खेलों को लेकर भी बड़ा सुझाव दिया।
उन्होंने कहा कि न्याय पंचायत स्तर पर स्टेडियम और खेल सुविधाएं विकसित की जानी चाहिए, ताकि पहाड़ की प्रतिभाओं को गांव से ही आगे बढ़ने का मौका मिल सके।
वहीं आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सुभाष राणा ने दावा किया कि भाजपा प्रत्याशी अच्छे मतों से जीत हासिल करेगा और प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी।
अब देखना दिलचस्प होगा कि चुनावी माहौल के बीच सुभाष राणा का थत्यूड़ दौरा आने वाले दिनों में धनोल्टी की सियासत को किस दिशा में ले जाता है।
इस दौरान पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष निहाल सिंह रावत, युवा मोर्चा महामंत्री विनोद राणा, मुकेश सजवाण, राहुल शाह, दिनेश भंडारी और आशु पवार समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।



