वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने पर थत्यूड़ और सत्यों में गूंजा राष्ट्रभक्ति का स्वर
सरस्वती शिशु मंदिर थत्यूड़ में 700 से अधिक छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और सामाजिक लोगों ने किया सामूहिक गायन, सत्यों में भी आयोजित हुआ भव्य कार्यक्रम

रिपोर्ट — मुकेश रावत
थत्यूड़/सकलाना। वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जौनपुर विकासखंड के विभिन्न क्षेत्रों में सामूहिक वंदे मातरम् गायन कार्यक्रम आयोजित किए गए। सरस्वती शिशु मंदिर थत्यूड़ में आयोजित कार्यक्रम में करीब 700 छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, अभिभावकों तथा सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन किया। इस दौरान वंदे मातरम् के ऐतिहासिक महत्व और स्वतंत्रता आंदोलन में इसकी भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई।
सरस्वती शिशु मंदिर थत्यूड़ के प्रधानाचार्य कमलेश्वर प्रसाद बडोली ने कहा कि साहित्यकार एवं उपन्यासकार बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय द्वारा रचित उपन्यास ‘आनंदमठ’ में शामिल वंदे मातरम् ने देशवासियों में राष्ट्रभक्ति और स्वतंत्रता की भावना को प्रबल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने बताया कि विद्याभारती से जुड़े सरस्वती शिशु मंदिर और विद्या मंदिरों की ओर से देशभर में वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सामूहिक गायन का अभियान चलाया जा रहा है। अभियान में एक करोड़ से अधिक लोगों की सहभागिता का लक्ष्य रखा गया है।
अभियान में सनवीर बेलवाल, नरेंद्र राणा, रघुवीर सजवान, जगत सिंह असवाल, छात्र-छात्राओं, अभिभावकों, आचार्यगण और समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
सत्यों में भी गूंजा वंदे मातरम्
सकलाना क्षेत्र के सरस्वती शिशु मंदिर सत्यों में भी वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सामूहिक गायन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य वक्ता कमलेश सकलानी, कार्यक्रम अध्यक्ष बलवीर नकोटी, पर्यवेक्षक अतुल रमोला और कार्यक्रम संयोजक एवं प्रधानाचार्य चिरंजीव डबराल ने दीप प्रज्वलित कर किया।
विद्यालय की छात्राओं एवं पुरातन छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की। मुख्य वक्ता कमलेश सकलानी ने वंदे मातरम् के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह केवल एक गीत नहीं, बल्कि स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान जनमानस में देशभक्ति, उत्साह और प्रेरणा का संचार करने वाला महत्वपूर्ण माध्यम रहा है।
प्रधानाचार्य चिरंजीव डबराल ने बताया कि विद्याभारती की ओर से देशभर में वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर एक दिन और एक ही समय पर सामूहिक गायन कार्यक्रम आयोजित किया गया है।
कार्यक्रम में अरविंद सकलानी, आशुतोष नकोटी, मुकेश भट्ट, राकेश उनियाल, सामाजिक कार्यकर्ता अनिल हटवाल, आचार्य सह-संयोजक दिनेश उनियाल, मीडिया प्रभारी मनोज उनियाल, धन सिंह नकोटी, दस्तावेज प्रमुख लाखीराम बहुगुणा, काजल, श्रुति नकोटी, आंचल, रजनी कंडारी, सरिता देवी सहित छात्र-छात्राएं, अभिभावक और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।



