थत्यूड़ में पैलिएटिव केयर पर जागरूकता कार्यक्रम, गंभीर रोगियों की देखभाल को मजबूत करने पर जोर
डीआरसी ढाणा में विश्व पैलिएटिव केयर दिवस पर जुटे जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्यकर्मी और सामाजिक कार्यकर्ता; वर्तमान में 25 रोगियों को मिल रही देखभाल की सुविधा

थत्यूड़ (टिहरी गढ़वाल)। लैंडौर कम्युनिटी हॉस्पिटल की ओर से विश्व पैलिएटिव केयर दिवस 2026 के अवसर पर जौनपुर विकासखंड के थत्यूड़ स्थित डीआरसी ढाणा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय “दर्द प्रबंधन एवं पैलिएटिव केयर से जुड़े मुद्दे” रहा। इसमें पहाड़ी क्षेत्रों में गंभीर रोगों से जूझ रहे मरीजों को बेहतर देखभाल उपलब्ध कराने और पैलिएटिव केयर सेवाओं को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम का संचालन संयोजक डेविड अब्राहम ने किया। इसमें ग्राम प्रधानों, सरकारी अस्पताल के कर्मचारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, पैलिएटिव केयर टीम, फील्ड टीम के सदस्यों और स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
पहाड़ी क्षेत्रों में पैलिएटिव केयर की अहम भूमिका
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उद्यान विभाग के खंड प्रभारी सुंदर शाह ने अपने संबोधन में पहाड़ी क्षेत्रों में पैलिएटिव केयर के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने लैंडौर कम्युनिटी हॉस्पिटल की ओर से संचालित पैलिएटिव केयर सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की सेवाएं जरूरतमंद मरीजों के लिए महत्वपूर्ण हैं।
25 मरीजों की देखभाल, प्रशिक्षित टीम दे रही सेवाएं
कार्यक्रम प्रबंधन की ओर से पैलिएटिव केयर कार्यक्रम के तहत संचालित गतिविधियों की जानकारी दी गई। बताया गया कि जागरूकता कार्यक्रमों के साथ मरीजों की देखभाल का कार्य भी किया जा रहा है। वर्तमान में इस कार्यक्रम के अंतर्गत 25 पैलिएटिव केयर मरीजों की देखभाल की जा रही है।
मरीजों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए फील्ड टीम के सदस्यों को प्रशिक्षण दिया गया है। साथ ही पैलिएटिव केयर नर्सों की उपलब्धता, लैंडौर कम्युनिटी हॉस्पिटल के चिकित्सकों का सहयोग और फिजियोथेरेपिस्ट की सेवाएं भी सुनिश्चित की गई हैं।
गीत, भाषण और नुक्कड़ नाटक से दिया जागरूकता का संदेश
कार्यक्रम के दौरान गीत, भाषण और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से पैलिएटिव केयर के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया। इस दौरान मरीजों के परिजनों ने अपने अनुभवों और संघर्षों को भी साझा किया। कार्यक्रम का उद्देश्य मरीजों और उनके परिवारों की जरूरतों को समझना तथा समुदाय में संवेदनशीलता और सहयोग की भावना को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम के अंत में नर्स सरोज ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। इसके बाद आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में समुदाय, सरकार और लैंडौर कम्युनिटी हॉस्पिटल के आपसी सहयोग से पैलिएटिव केयर सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर चंद्रप्रकाश चमोली, ग्राम प्रधान; रघुवीर सिंह, प्रधान प्रतिनिधि ग्राम दिगोन; प्रदीप भंडारी, सामाजिक कार्यकर्ता; श्रद्धा देवी, महिला मंगल दल; जयदेव लेखवार, सामाजिक कार्यकर्ता; तथा विपिन, पूर्व सहायक विकासखंड अधिकारी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।



