टिहरी: कोषागार के औचक निरीक्षण में डीएम सख्त, लापरवाही पर लेखाकार का वेतन रोकने के निर्देश
लंबित पेंशन प्रकरणों पर जताई नाराजगी, सभी विभागों को तत्काल अपडेट देने के निर्देश; पेंशनरों को समय पर भुगतान और अभिलेखों को व्यवस्थित रखने पर जोर।

टिहरी गढ़वाल, 25 नवंबर 2026। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने बुधवार को जिला कोषागार का औचक निरीक्षण कर कार्यालय की व्यवस्थाओं, पेंशन प्रकरणों के निस्तारण और अभिलेखों के रख-रखाव का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पेंशन संबंधी पत्रावलियों के व्यवस्थित रख-रखाव में कमी मिलने और लंबित पेंशन प्रकरणों की अद्यतन जानकारी समय पर उपलब्ध नहीं कराए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं में सुधार लाने और पेंशन प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए।
लंबित पेंशन प्रकरणों पर डीएम ने जताई नाराजगी
प्रदेश में लंबित पेंशन प्रकरणों के त्वरित निस्तारण के लिए मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी ने जनपद के विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान वरिष्ठ कोषाधिकारी द्वारा लंबित प्रकरणों की अद्यतन जानकारी समय पर उपलब्ध नहीं कराए जाने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि लंबित पेंशन प्रकरणों की वर्तमान स्थिति की जानकारी तत्काल उपलब्ध कराई जाए और उनका प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पेंशन स्वीकृति और भुगतान की प्रक्रिया में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अभिलेखों की अव्यवस्था पर कार्रवाई के निर्देश
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थिति पंजिका, बायोमेट्रिक उपस्थिति रिपोर्ट, पेंशन संबंधी पत्रावलियों, कार्य आवंटन पत्रावली, प्राप्ति एवं प्रेषण पंजिका, पीपीओ प्राप्ति पंजिका, पेंशन भुगतान पंजिका और पेंशन प्रकरणों की आपत्ति पंजिका सहित विभिन्न वित्तीय अभिलेखों का निरीक्षण किया।
पेंशन संबंधी फाइलों का उचित रख-रखाव नहीं होने तथा सूचीकरण और लेबलिंग की व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित लेखाकार के वेतन आहरण पर रोक लगाने के निर्देश दिए।
सेवानिवृत्त कर्मचारियों की सेवा पत्रावलियां लौटाने के निर्देश
जिलाधिकारी ने इस बात पर भी नाराजगी जताई कि विभिन्न विभागों के सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पेंशन स्वीकृत होने के बाद भी उनकी व्यक्तिगत सेवा पत्रावलियां कोषागार में रखी गई थीं। उन्होंने ऐसी पत्रावलियों को संबंधित विभागों को वापस सौंपने के निर्देश दिए, ताकि अनावश्यक रूप से अभिलेख जमा न हों और कोषागार में रिकॉर्ड व्यवस्थित रखा जा सके।
उन्होंने पेंशन प्रकरणों की नियमित निगरानी के लिए माहवार प्रगति रिपोर्ट तैयार करने को कहा। रिपोर्ट में प्रत्येक माह प्राप्त पेंशन प्रकरणों, आपत्तियों वाले मामलों, लंबित प्रकरणों और निस्तारित मामलों का स्पष्ट विवरण दर्ज किया जाएगा।
पेंशनरों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें: डीएम
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जीवन प्रमाण पत्र जमा करने पहुंचे एक पेंशनर से बातचीत कर उनकी समस्या सुनी और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि पेंशनरों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इसके लिए सभी संबंधित विभागों और कोषागार स्तर पर पेंशन प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। बिना उचित कारण किसी भी प्रकरण को लंबित रखने पर संबंधित की जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी।
अभिलेख कक्ष और स्टोर रूम का भी किया निरीक्षण
जिलाधिकारी ने पेंशन अनुभाग, अभिलेख कक्ष, स्टोर रूम और अन्य कक्षों का भी निरीक्षण किया। अभिलेख कक्ष में फाइलें और पत्रावलियां व्यवस्थित नहीं मिलने पर उन्होंने समस्त रिकॉर्ड का उचित वर्गीकरण, सूचीकरण और लेबलिंग कर सुरक्षित रख-रखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
वहीं, स्टोर रूम में लंबे समय से अनुपयोगी पड़े सामान को नियमानुसार निष्प्रयोज्य घोषित कर उसकी नीलामी की कार्रवाई करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ कोषाधिकारी मनोज पांडे, कोषाधिकारी अंजलि भारती, मुख्य वैयक्तिक अधिकारी चंदन शाह सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।



