थत्यूड़ बीडीसी बैठक में छाए जनसमस्याओं के मुद्दे, उद्यान विभाग के कामकाज पर उठे सवाल
किसान सम्मान निधि और पेंशन से वंचित किसानों का मामला उठा, देवलसारी में स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग; सिर्वाधार में सड़क पर आई पाइपलाइन एक सप्ताह में दुरुस्त करने के निर्देश।

रिपोर्ट: मुकेश रावत
थत्यूड़/टिहरी गढ़वाल। जौनपुर विकासखंड के ब्लॉक सभागार थत्यूड़ में बुधवार को क्षेत्र पंचायत की त्रैमासिक बैठक ब्लॉक प्रमुख सीता पवार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं, कृषि एवं बागवानी, सड़क, पेयजल, मनरेगा भुगतान और विभागीय कार्यप्रणाली से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए। जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों के समक्ष समस्याएं रखते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की। मुख्य विकास अधिकारी वरुण अग्रवाल ने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
बैठक की शुरुआत पिछली कार्यवाही की पुष्टि के साथ हुई। इसके बाद कृषि एवं उद्यान विभाग की योजनाओं पर चर्चा की गई। कृषि एवं भूमि संरक्षण अधिकारी नरेंद्र नगर ने सरकार की ओर से संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी सदन को दी।
किसान सम्मान निधि और पेंशन का मुद्दा उठा
ग्राम प्रधान संगठन के अध्यक्ष प्रदीप कवि ने क्षेत्र में कई किसानों को किसान सम्मान निधि और किसान पेंशन का लाभ नहीं मिलने का मामला उठाया। उन्होंने संबंधित विभागों से इस समस्या पर तत्काल कार्रवाई करने की मांग की। वहीं, ग्राम प्रधान सुनील सेमवाल ने ग्राम पंचायतों की रोस्टर बैठकों में अन्य विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों की अनुपस्थिति का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इन बैठकों में मुख्य रूप से ग्राम विकास अधिकारी और ग्राम पंचायत अधिकारी ही पहुंचते हैं, जबकि दूसरे विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित नहीं रहते। इससे ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान में दिक्कतें आती हैं।
उद्यान विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल
बैठक में उद्यान विभाग के माध्यम से खेतों की सुरक्षा के लिए घेरबाड़ कराने का मुद्दा क्षेत्र पंचायत सदस्य सीमा देवी, ग्राम प्रधान राजकुमारी नौटियाल और रेखा रावत ने उठाया। इस दौरान जौनपुर क्षेत्र में बागवानी को बढ़ावा देने और किसानों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई।
मुख्य विकास अधिकारी वरुण अग्रवाल ने कहा कि जौनपुर क्षेत्र कृषि और बागवानी की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। बैठक में उद्यान विभाग के कुछ अधिकारियों की कार्यप्रणाली को लेकर शिकायतें सामने आई हैं, जिन्हें संज्ञान में लिया गया है। उन्होंने कहा कि संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई करते हुए क्षेत्रवासियों तक सुविधाएं समय पर पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
सड़क पर आई पाइपलाइन एक सप्ताह में दुरुस्त करने के निर्देश
क्षेत्र पंचायत सदस्य अनीश कुमार ने थत्यूड़-बंगशील मोटर मार्ग पर सिर्वाधार के समीप जल संस्थान की पाइपलाइन सड़क के ऊपर आने का मामला उठाया। इससे सड़क पर आवागमन प्रभावित होने की समस्या सामने आई। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने जल संस्थान के अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर पाइपलाइन को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
ग्राम प्रधान शांति प्रसाद गौड़ ने पर्यटक स्थल देवलसारी में उरेडा विभाग के माध्यम से स्ट्रीट लाइट लगाने का मुद्दा उठाया। इसके अतिरिक्त लोक निर्माण विभाग, जल निगम, ग्रामीण निर्माण विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पशुपालन, युवा कल्याण और लघु सिंचाई विभाग से संबंधित समस्याओं पर भी चर्चा की गई।
मनरेगा के लंबित भुगतान पर 15 से 20 दिन में कार्रवाई पूरी करने का भरोसा
मुख्य विकास अधिकारी वरुण अग्रवाल ने मनरेगा के लंबित मटेरियल भुगतान को लेकर बताया कि तकनीकी त्रुटि के कारण कुछ बिल अटक गए थे और लंबे समय तक पोर्टल पर प्रदर्शित भी नहीं हो पा रहे थे। इस मामले में शासन स्तर पर चर्चा के बाद मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार की गई है। इसके तहत सत्यापन और ब्लॉक स्तर पर एमआईएस प्रक्रिया पूरी की जानी है।
उन्होंने बताया कि इस दिशा में कार्रवाई शुरू कर दी गई है और उम्मीद है कि अगले 15 से 20 दिनों के भीतर संबंधित प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।
बीडीसी बैठक से आठ दिन पहले लिखित में देने होंगे सवाल
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि कई बार जनप्रतिनिधियों की ओर से बैठक के दौरान ऐसे सवाल उठाए जाते हैं, जिनका जवाब संबंधित अधिकारी तत्काल नहीं दे पाते। इसे देखते हुए जनप्रतिनिधियों से अपील की गई है कि वे बीडीसी बैठक से कम से कम आठ दिन पहले अपने प्रश्न लिखित रूप में उपलब्ध कराएं, ताकि संबंधित विभागों को समय रहते भेजा जा सके और अधिकारी पूरी तैयारी के साथ जवाब दे सकें।
उन्होंने बताया कि पिछली बीडीसी बैठक में उठाए गए सवालों के जवाब प्राप्त कर लिए गए हैं और वर्तमान बैठक में भी जनप्रतिनिधियों को विभागीय जवाब उपलब्ध कराए जा रहे हैं। जिन विभागों के अधिकारियों पर फोन नहीं उठाने या शिकायतों का जवाब नहीं देने के आरोप लगे हैं, उनके नाम भी नोट किए गए हैं। सीडीओ ने कहा कि संबंधित अधिकारियों के मामलों में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण, जिला पंचायत राज अधिकारी मोहम्मद मुस्तफा खान, उप जिलाधिकारी अंशुल भट्ट, खंड विकास अधिकारी राकेश बिष्ट, उप प्रभागीय वनाधिकारी मसूरी वन प्रभाग शिप्रा शर्मा, ज्येष्ठ उपप्रमुख जयकृष्ण उनियाल, कनिष्ठ प्रमुख मंजू पवार, जिला युवा कल्याण अधिकारी रविंद्र फोनिया, एबीडीओ डीपी चमोली सहित ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



