उत्तराखंड

उत्तरकाशी में महिलाओं की आत्मनिर्भरता को नई उड़ान, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने किया ‘हिमालयन भोजनालय’ का उद्घाटन

चिन्यालीसौड़ के नगुण बैरियर के पास रीप परियोजना से खुला भोजनालय, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं संभाल रहीं कारोबार; यात्रियों को मिलेगा स्थानीय और पारंपरिक भोजन।

चिन्यालीसौड़, 20 नवंबर 2026। उत्तरकाशी जिले में स्वयं सहायता समूह की महिलाएं स्वरोजगार के जरिए आत्मनिर्भरता की नई मिसाल पेश कर रही हैं। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर चिन्यालीसौड़ के नगुण बैरियर के पास रीप परियोजना के अंतर्गत स्थापित ‘हिमालयन भोजनालय’ का शुक्रवार को मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने उद्घाटन किया। सीता स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा संचालित इस भोजनालय से स्थानीय स्तर पर रोजगार और आजीविका के नए अवसर सृजित हो रहे हैं।

रीप परियोजना के सहयोग से शुरू हुआ कारोबार

उद्घाटन के दौरान मुख्य सचिव ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से बातचीत कर उनके व्यवसाय, आमदनी और रोजगार के अनुभवों की जानकारी ली। महिलाओं ने बताया कि गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित होने के कारण भोजनालय में यात्रियों की आवाजाही बनी रहती है। नगुण बैरियर के पास वाहनों के रुकने और समीपवर्ती पार्क में आने वाले स्थानीय लोगों के कारण भी कारोबार को अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है।

समूह की महिलाओं ने बताया कि रीप परियोजना के सहयोग और बैंक ऋण की मदद से वे अपना व्यवसाय शुरू कर सकीं। अब भोजनालय में नियमित ग्राहकों के साथ-साथ विभिन्न आयोजनों के लिए भी भोजन के ऑर्डर मिल रहे हैं। मांग के अनुसार ऑर्डर पूरे कर महिलाएं अपनी आमदनी बढ़ा रही हैं।

रोजगार के साथ आर्थिक आत्मनिर्भरता की राह

महिलाओं ने सरकार और रीप परियोजना का आभार जताते हुए कहा कि इस पहल ने उन्हें रोजगार के साथ आर्थिक रूप से मजबूत बनने का अवसर दिया है। सामूहिक प्रयासों से वे अपने कारोबार को आगे बढ़ा रही हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में योगदान दे रही हैं।

प्रदेशभर में विकसित किए जा रहे ‘हिमालयन भोजनालय’

रीप परियोजना के अधिकारियों के अनुसार, प्रदेशभर में इस तरह के वे-साइड ईटरी विकसित किए जा रहे हैं। इन्हें ‘हिमालयन भोजनालय’ नाम से एक समान पहचान दी जा रही है। इस पहल का उद्देश्य राष्ट्रीय राजमार्गों से गुजरने वाले यात्रियों को स्थानीय और पारंपरिक भोजन उपलब्ध कराना तथा स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर उनकी आजीविका मजबूत करना है।

जिला प्रशासन की ओर से भी ऐसे रोजगारपरक मॉडल को बढ़ावा देने के लिए उपयुक्त स्थान उपलब्ध कराने की पहल की जा रही है।

महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना सरकार की प्राथमिकता

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि वे अपनी आजीविका बढ़ाने के साथ आर्थिक रूप से मजबूत बन सकें।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, मुख्य विकास अधिकारी राहुल आनंद, जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश, डीपीएम रीप कपिल उपाध्याय सहित अन्य अधिकारी और स्वयं सहायता समूह की महिलाएं मौजूद रहीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!