सेवा पखवाड़े में सतपाल महाराज का ताबड़तोड़ दौरा, एकेश्वर को 75 लाख की विकास परियोजनाओं की सौगात
मज्याड़ी-गोची-पिलखेत मोटर मार्ग व टाइप-2 भवन का शिलान्यास, बोले- धामी सरकार अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा रही योजनाओं का लाभ

एकेश्वर (पौड़ी)। प्रदेश सरकार के “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” सेवा पखवाड़ा अभियान के तहत कैबिनेट मंत्री एवं चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने रविवार को अपने विधानसभा क्षेत्र में ताबड़तोड़ दौरा कर विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने विकासखंड एकेश्वर में करीब 75 लाख रुपये की लागत वाली दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास किया और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
सेवा पखवाड़े के दूसरे चरण के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रमों में सतपाल महाराज ने मज्याड़ी, अमुली, ग्वाडमल्ला और पणखेत सहित कई क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन, सशक्त मंडल एवं सशक्त संगठन की बैठकों में भाग लेने के साथ ही जनसंपर्क कर स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं।
महाराज ने 55 लाख रुपये की लागत से बनने वाले 1.8 किलोमीटर लंबे मज्याड़ी-गोची गांव-पिलखेत मोटर मार्ग (द्वितीय चरण) तथा 20 लाख रुपये की लागत से विकासखंड मुख्यालय में बनने वाले टाइप-2 भवन का शिलान्यास किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। सतपुली और स्यूंसी झील जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाएं चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र की तस्वीर बदलने में अहम भूमिका निभाएंगी। उन्होंने कहा कि सड़क, पंचायत भवन और आधारभूत सुविधाओं का लगातार विस्तार कर ग्रामीण क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है।
कार्यक्रम में भाजपा युवा नेता सुयश रावत, जिलाध्यक्ष कमल किशोर, जिला मंत्री बृजमोहन, मंडल अध्यक्ष राकेश नैथानी, महामंत्री सुनील, वेद प्रकाश वर्मा, पूर्व प्रमुख नरेंद्र डंडरियाल, विधायक प्रतिनिधि देवेंद्र भट्ट, युवा मोर्चा महामंत्री पंकज, पूर्व प्रधान जगदंबा, रमेश डंडरियाल, शक्ति केंद्र संयोजक जयपाल, बूथ अध्यक्ष सुखदेव सिंह, दीपक डंडरियाल, सोशल मीडिया प्रभारी दीपक ग्वाड़ी, हरवेंद्र सिंह, पूर्व प्रधान देवेश सुंदरियाल सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।



