पति की मौत के बाद टूटा था सहारा, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना बनी संबल
किन्शु की गीता देवी को मिला दो लाख रुपये का क्लेम, बेटियों के भविष्य को मिली नई उम्मीद

रिपोर्टर : मुकेश रावत | थत्यूड़
थत्यूड़। जौनपुर विकासखंड क्षेत्र के ग्राम किन्शु निवासी गीता देवी के लिए प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना कठिन समय में बड़ी राहत बनकर सामने आई। पति की असमय मृत्यु के बाद आर्थिक संकट से जूझ रहे परिवार को योजना के तहत दो लाख रुपये की सहायता राशि मिली है।
गीता देवी के पति महावीर सिंह मसूरी स्थित एक होटल में कार्यरत थे और उसी आय से परिवार का भरण-पोषण होता था। गत 9 अप्रैल को अचानक तबीयत बिगड़ने के कारण उनका निधन हो गया। पति की मौत के बाद गीता देवी पर दो बेटियों की जिम्मेदारी आ गई, जिससे परिवार आर्थिक संकट में घिर गया।
महावीर सिंह ने भारतीय स्टेट बैंक थत्यूड़ शाखा में अपने खाते के साथ प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना ले रखी थी। पति की मृत्यु के बाद गीता देवी ने बीमा क्लेम के लिए आवेदन किया। बैंक की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मात्र एक सप्ताह के भीतर 15 मई 2026 को शाखा प्रबंधक पंकज चौहान और सर्विस मैनेजर पुष्पा डांगी की मौजूदगी में दो लाख रुपये की बीमा राशि उनके खाते में हस्तांतरित कर दी गई।
सहायता राशि मिलने पर गीता देवी भावुक हो गईं। उन्होंने कहा कि यह धनराशि उनकी बेटियों के पालन-पोषण और भविष्य को संवारने में सहारा बनेगी। स्थानीय लोगों ने भी प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना को जरूरतमंद परिवारों के लिए उपयोगी बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से इस योजना से जुड़ने की अपील की।



