टिहरी गढ़वाल

टिहरी झील में रोमांच का प्रशिक्षण पूरा, 22 प्रतिभागियों ने हासिल की सफलता

कोटी कॉलोनी में भारतीय स्कीइंग एवं पर्वतारोहण संस्थान के तीसरे वाटर स्कीइंग कोर्स का समापन, देशभर के 26 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा

टिहरी गढ़वाल, 09 अक्टूबर। टिहरी झील में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में आयोजित वाटर स्कीइंग प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुक्रवार को समापन हो गया। कोटी कॉलोनी में भारतीय स्कीइंग एवं पर्वतारोहण संस्थान (IISM), गुलमर्ग की ओर से आयोजित तीसरे वाटर स्कीइंग कोर्स में देशभर से आए 26 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इनमें 21 युवक और पांच युवतियां शामिल रहीं। प्रशिक्षण पूरा करने वाले 22 प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र एवं ट्रॉफियां देकर सम्मानित किया गया।

पर्यटन मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत आने वाले भारतीय स्कीइंग एवं पर्वतारोहण संस्थान, गुलमर्ग की ओर से आयोजित इस कोर्स के समापन समारोह में संस्थान के प्रधानाचार्य कर्नल ईश्वर सिंह थापा, एसएम, वीएसएम, एमआईडी ने सफल प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र एवं ट्रॉफियां वितरित कीं। इस वर्ष संस्थान की ओर से कुल तीन वाटर स्कीइंग कोर्स आयोजित किए गए, जिनमें कोटी कॉलोनी में आयोजित यह तीसरा और अंतिम कोर्स था।

बेसिक से एडवांस स्तर तक दिया प्रशिक्षण

कोर्स में प्रतिभागियों को बेसिक, इंटरमीडिएट और एडवांस स्तर पर वाटर स्कीइंग का प्रशिक्षण दिया गया। विभिन्न राज्यों से पहुंचे प्रतिभागियों ने इस साहसिक खेल की बारीकियां सीखीं। कुल 26 प्रतिभागियों में से 22 ने सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूरा किया।

समापन समारोह में प्रधानाचार्य कर्नल ईश्वर सिंह थापा ने सफल प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने प्रतिभागियों को साहसिक पर्यटन एवं खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि भारतीय स्कीइंग एवं पर्वतारोहण संस्थान, गुलमर्ग देश में साहसिक खेलों को प्रोत्साहित करने और प्रशिक्षित युवाओं को तैयार करने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है।

कई राज्यों के प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा

इस अवसर पर कोर्स इंचार्ज प्रवीन सिंह रांगर, अरविंद राट्टूरी, शवीर भट्ट और खलील सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। प्रशिक्षण में दिल्ली से देवांश, यश, श्रीजन और बरखा, राजस्थान से राहुल, गजेंद्र और प्रशांत, मध्य प्रदेश से सहजल, प्रतीक और अंबिकेश, महाराष्ट्र से राहिल, कर्नाटक से कृष्ण, हिमाचल प्रदेश से पंकज, हरियाणा से हिमांशु, मलकीत और विक्रम तथा जम्मू-कश्मीर से राही और सलीम सहित अन्य प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

टिहरी झील में इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम साहसिक खेलों के प्रति युवाओं की रुचि बढ़ाने और क्षेत्र में साहसिक पर्यटन की संभावनाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!