धनोल्टी के बुरांशखंडा व्यू पॉइंट से बैग चोरी, 10 घंटे में गाजियाबाद से आरोपी गिरफ्तार
थत्यूड़ पुलिस की त्वरित कार्रवाई, मोबाइल समेत चोरी का शत-प्रतिशत सामान बरामद

थत्यूड़ (टिहरी गढ़वाल)। धनोल्टी के निकट बुरांशखंडा स्थित व्यू पॉइंट से बैग चोरी करने के मामले में थत्यूड़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 10 घंटे के भीतर आरोपी को गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स समेत शत-प्रतिशत सामान बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 8 अक्टूबर 2026 को वादी ने थाना थत्यूड़ में तहरीर देकर बताया कि बुरांशखंडा स्थित एक व्यू पॉइंट से किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनका बैग चोरी कर लिया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया।
एसएसपी के निर्देश पर गठित हुई पुलिस टीम
घटना की गंभीरता को देखते हुए टिहरी गढ़वाल की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी और चोरी का सामान बरामद करने के लिए पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने सुरागरसी-पतारसी और त्वरित कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज होने के महज 10 घंटे के भीतर 8 अक्टूबर को आरोपी को गाजियाबाद से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान साजन अग्रवाल (32 वर्ष), पुत्र शरद अग्रवाल, निवासी गली नंबर-1, गगन विहार, भोपुरा, थाना टीला मोड़, गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक जितेन्द्र कुमार, हेड कांस्टेबल कुलदीप कुमार (नागरिक पुलिस) और हेड कांस्टेबल चेतन सिंह शामिल रहे।
थत्यूड़ पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से चोरी की घटना का शीघ्र खुलासा हुआ और शिकायतकर्ता का सामान बरामद किया गया।



