सत्यो-सकलाना के खेतों में उतरा बद्रीनाथ से लौट रहा हेलीकॉप्टर, टला बड़ा हादसा
चम्बा-आराकोट मार्ग पर बड़ा हादसा टला, पायलट समेत 6 लोग सुरक्षित ट्रांस भारत एविएशन के हेलीकॉप्टर के पिछले हिस्से को नुकसान, पुलिस-प्रशासन ने संभाला मोर्चा

टिहरी गढ़वाल: उत्तराखंड में बुधवार सुबह एक बड़ा हवाई हादसा होते-होते टल गया। बद्रीनाथ धाम से देहरादून लौट रहा ट्रांस भारत एविएशन कंपनी का हेलीकॉप्टर तकनीकी खराबी के चलते चम्बा-आराकोट मार्ग पर सत्यो-सकलाना क्षेत्र के खेतों में इमरजेंसी लैंडिंग कराने को मजबूर हो गया। राहत की बात यह रही कि हेलीकॉप्टर में सवार पायलट सहित सभी छह यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार उड़ान के दौरान हेलीकॉप्टर हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आ गया, जिससे उसके पिछले हिस्से को नुकसान पहुंचा। पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए हेलीकॉप्टर को खेतों में सुरक्षित उतार लिया और संभावित बड़े हादसे को टाल दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंच गईं। क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लेकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। अधिकारियों ने सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
पुलिस के अनुसार घटना के कारणों की विस्तृत जांच एविएशन और तकनीकी एजेंसियों द्वारा की जा रही है। फिलहाल किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
जनपद पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की अपुष्ट या भ्रामक सूचना साझा न करें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें।



