ढाणा में मानसिक स्वास्थ्य पर जागरूकता कार्यक्रम, मरीजों ने साझा किए जीवन के अनुभव
लैंडौर कम्युनिटी हॉस्पिटल की पहल; गीत, नाटक और संवाद के जरिए दिया मानसिक स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशीलता का संदेश, दूरस्थ गांवों तक सेवाएं पहुंचाने का संकल्प

थत्यूड़ (टिहरी गढ़वाल)। विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर लैंडौर कम्युनिटी हॉस्पिटल, मसूरी की ओर से शुक्रवार को डीआरसी ढाणा में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। ‘अनुभवों को सुना गया: सच्ची आवाज़ें, सच्चा बदलाव’ थीम पर आयोजित कार्यक्रम में मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर प्रकाश डालते हुए लोगों को मानसिक परेशानियों के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान मरीजों ने अपने जीवन के अनुभव साझा किए और पहाड़ी क्षेत्रों के दूरस्थ गांवों तक मानसिक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मनोचिकित्सक डॉ. राजा पॉलराज ने मानसिक स्वास्थ्य को जीवन का महत्वपूर्ण पहलू बताते हुए लोगों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि मानसिक परेशानियों को समझना, जरूरतमंदों की बात धैर्यपूर्वक सुनना और उन्हें उचित सहयोग देना बेहद जरूरी है। मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों पर खुलकर चर्चा करने से लोगों में जागरूकता बढ़ती है और जरूरतमंदों को मदद लेने के लिए प्रोत्साहन मिलता है।
गीत और नाटक के माध्यम से दिया जागरूकता का संदेश
कार्यक्रम का संचालन प्रोग्राम मैनेजर डेविड अब्राहम ने काउंसलर आरोमा के साथ मिलकर किया। लैंडौर कम्युनिटी हॉस्पिटल के प्रशासक पापा राव ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
इस दौरान सामूहिक गीत, नाटक और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। मरीजों ने अपने जीवन में आई चुनौतियों और अनुभवों को साझा किया, वहीं बुजुर्गों ने भी अपने अनुभवों के माध्यम से उपस्थित लोगों को जागरूक किया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों पर खुलकर संवाद को बढ़ावा देना, लोगों में संवेदनशीलता विकसित करना और मानसिक परेशानियों से जूझ रहे व्यक्तियों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
मोमबत्तियां जलाकर लिया मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं का संकल्प
कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों ने मोमबत्तियां प्रज्वलित कर मानसिक स्वास्थ्य के मुद्दों पर निरंतर कार्य करने की शपथ ली। साथ ही पहाड़ी क्षेत्रों में मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बेहतर बनाने और दूरस्थ गांवों तक उपचार, देखभाल एवं सहयोग पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।
अंत में कार्यक्रम संयोजक डेविड अब्राहम ने अतिथियों, टीम सदस्यों, सरकारी सहयोगियों, लाभार्थियों, मरीजों और उनके परिजनों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य सविता देवी, ग्राम प्रधान प्रमिला देवी, विनोद राणा, विपुल चौहान, दीपेंद्र रावत, शिवदास, राजकीय अस्पताल के कर्मचारी तथा लैंडौर कम्युनिटी हॉस्पिटल की मानसिक स्वास्थ्य टीम के सदस्य मौजूद रहे।



