टिहरी गढ़वाल

टिहरी में मतदाता सूची के पुनः सत्यापन का अभियान शुरू, 8 से 10 अक्टूबर तक बूथों पर विशेष कैंप

12 से 20 अक्टूबर तक घर-घर होगा मतदाता सत्यापन, पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने के साथ अपात्र नामों पर भी दावा-आपत्ति का मौका

टिहरी गढ़वाल। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत टिहरी गढ़वाल में मतदाता सूची को अधिक शुद्ध और अद्यतन बनाने के लिए पुनः सत्यापन अभियान शुरू किया जा रहा है। बुधवार को जिला निर्वाचन अधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में जिला कार्यालय स्थित वीसी कक्ष में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। बैठक में मतदाता सूची के सत्यापन और नए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 8 से 10 अक्टूबर तक जिले के प्रत्येक बूथ पर विशेष कैंप लगाए जाएंगे। कैंप के दौरान बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ), बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) की मौजूदगी में प्री-एसआईआर और पोस्ट-एसआईआर मतदाता सूची का तुलनात्मक परीक्षण करेंगे। इसके बाद 12 से 20 अक्टूबर तक घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन किया जाएगा। इस दौरान विशेष रूप से सूची में नए शामिल मतदाताओं का सत्यापन किया जाएगा।

नाम छूटा है तो फॉर्म-6 से करें आवेदन

जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि यदि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है तो वह निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-6 के माध्यम से नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकता है। मतदाता सूची में संशोधन या अन्य आवश्यक कार्रवाई के लिए फॉर्म-6, 7 और 8 बीएलओ के पास उपलब्ध रहेंगे।

उन्होंने कहा कि किसी क्षेत्र, कॉलोनी या मतदान केंद्र में आवश्यकता होने पर अतिरिक्त विशेष कैंप भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे।

राजनीतिक दलों से बूथ स्तर पर सक्रिय भागीदारी की अपील

जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपने-अपने स्तर पर मतदाता सूची का गंभीरता से परीक्षण करने और बीएलए के माध्यम से बूथ स्तर पर सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने के साथ ही अपात्र या अनावश्यक रूप से दर्ज नामों के संबंध में भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत दावा-आपत्ति प्रस्तुत की जा सकती है।

उन्होंने सभी संबंधित पक्षों से समन्वय के साथ कार्य करते हुए मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और विश्वसनीय बनाने में सहयोग की अपेक्षा की।

टिहरी में 4.66 लाख से अधिक मतदाता

जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार 14 जुलाई 2026 को प्रकाशित प्रारूप निर्वाचक नामावली में टिहरी जिले में 4,63,628 मतदाता पंजीकृत थे। अंतिम प्रकाशन के बाद यह संख्या बढ़कर 4,66,638 हो गई है। यानी प्रारूप सूची की तुलना में अंतिम मतदाता सूची में 3,010 मतदाताओं की वृद्धि हुई है।

अंतिम सूची में 2,43,051 पुरुष, 2,23,583 महिला और चार तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं।

धनोल्टी में 83,205, घनसाली में 86,346 मतदाता

विधानसभा क्षेत्रवार अंतिम मतदाता संख्या की बात करें तो घनसाली में 86,346, देवप्रयाग में 75,801, नरेंद्रनगर में 79,507, प्रतापनगर में 74,594, टिहरी में 67,185 और धनोल्टी में 83,205 मतदाता दर्ज हैं।

बैठक में भाजपा से राम लाल नौटियाल, जयेंद्र सिंह पंवार एवं राजेंद्र प्रसाद डोभाल, कांग्रेस से बिशन सिंह रांगड़ एवं बवूल आर्य, सीपीएम से सफर सिंह नेगी तथा निर्वाचन कार्यालय से वरिष्ठ सहायक मनोज भट्ट सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!