थत्यूड़ में गूंजा हर-हर महादेव, शिव महापुराण कथा का भव्य शुभारंभ
पीले वस्त्रों में महिलाओं ने निकाली भव्य कलश यात्रा, शिव महिमा का हुआ गुणगान

रिपोर्ट –मुकेश रावत
थत्यूड़ (टिहरी)। जौनपुर विकासखंड मुख्यालय थत्यूड़ बाजार स्थित प्राचीन शिव मंदिर में शिव महापुराण कथा का भव्य शुभारंभ श्रद्धा और उत्साह के साथ हुआ। इस अवसर पर संतोषी माता मंदिर से मुख्य बाजार होते हुए शिव मंदिर परिसर तक भव्य जल कलश यात्रा निकाली गई।
कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं ने पीले वस्त्र धारण कर हाथों में कलश एवं शिव महापुराण ग्रंथ लेकर पूरे बाजार क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना दिया। “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से पूरा क्षेत्र शिवमय हो उठा।
कथा प्रवचन के दौरान कथा वक्ता पंडित मनजीत कृष्ण शास्त्री ममंगाई ने भगवान शिव की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि शिवजी को देवों के देव महादेव कहा जाता है। उन्होंने समुद्र मंथन के समय अमृत के स्थान पर कालकूट विष का पान कर संपूर्ण ब्रह्मांड की रक्षा की थी। शिव महापुराण मानव जीवन को धर्म, भक्ति और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
इस अवसर पर मंदिर समिति अध्यक्ष महावीर सजवाण, सचिव अरविंद लेखवार, राजेंद्र सजवाण, रघुवीर सजवाण, व्यापार मंडल अध्यक्ष अकबीर पवार, ग्राम प्रधान मेनका सजवाण, सरस्वती रावत, सविता देवी, चंद्रकला देवी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।



