विश्व स्तनपान सप्ताह: ढाणा में मातृ-शिशु स्वास्थ्य जागरूकता अभियान, स्तनपान और स्तन कैंसर से बचाव की दी जानकारी
DRC ढाणा में आयोजित कार्यक्रम में स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने माताओं को किया जागरूक, नाटक के माध्यम से दिया स्वस्थ जीवनशैली का संदेश

थत्यूड़ (टिहरी गढ़वाल)। विश्व स्तनपान सप्ताह-2026 के तहत बुधवार को लैंडोर कम्युनिटी हॉस्पिटल, मसूरी के तत्वावधान में जौनपुर विकासखंड के डीआरसी ढाणा में पेलिएटिव प्रोजेक्ट के अंतर्गत मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, महिलाएं एवं स्थानीय ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ सभी अतिथियों का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत एवं सम्मान के साथ किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. पवित्रा उपस्थित रहीं। वहीं, लैंडोर कम्युनिटी हॉस्पिटल, मसूरी से अन्ना, जॉय एवं अप्रैल ने भी प्रतिभाग करते हुए मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न विषयों पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। कार्यक्रम को लैंडोर कम्युनिटी हॉस्पिटल के प्रबंध निदेशक डॉ. जॉर्ज का भी विशेष मार्गदर्शन एवं सहयोग प्राप्त हुआ।
मुख्य अतिथि डॉ. पवित्रा ने कहा कि जन्म के तुरंत बाद मां का दूध शिशु के लिए संपूर्ण और सर्वोत्तम आहार है। इससे बच्चे की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है, शारीरिक एवं मानसिक विकास बेहतर होता है और मां का स्वास्थ्य भी सुरक्षित रहता है। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने, जनसहभागिता को प्रोत्साहित करने तथा प्रत्येक नवजात को समय पर स्तनपान सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को स्तन कैंसर के शुरुआती लक्षणों, समय पर जांच, उपचार एवं बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने और मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सशक्त बनाने पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण स्वास्थ्य जागरूकता पर आधारित नुक्कड़ नाटक माध्यम से स्तनपान के महत्व, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा स्वच्छ जीवनशैली का संदेश सरल और रोचक अंदाज में ग्रामीणों तक पहुंचाया, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।
समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य संरक्षण, स्तनपान को बढ़ावा देने तथा समाज में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता फैलाने की सामूहिक शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम का संचालन प्रोजेक्ट मैनेजर डेविड अब्राहम ने उमा एवं पूनम के सहयोग से किया।
इस अवसर पर क्षेत्र पंचायत सदस्य, विभिन्न ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधान, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का स्टाफ, कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (सीएचओ), फार्मासिस्ट, एलसीएच प्रोजेक्ट टीम, प्रोजेक्ट मैनेजर विनीत मैसी, आशा कार्यकर्ता, सामाजिक कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।



