SGRRU और CCRH के बीच हुआ एमओयू, होम्योपैथी अनुसंधान को मिलेगा नया आयाम
संयुक्त शोध, प्रशिक्षण, क्षमता निर्माण और ज्ञान के आदान-प्रदान पर दोनों संस्थानों ने जताई सहमति

देहरादून। श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय (एसजीआरआरयू), देहरादून और भारत सरकार के आयुष मंत्रालय के केंद्रीय होम्योपैथी अनुसंधान परिषद (सीसीआरएच) के बीच अनुसंधान सहयोग, अकादमिक सहभागिता और क्षमता निर्माण को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर हुए हैं। नई दिल्ली स्थित सीसीआरएच मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में दोनों संस्थानों के वरिष्ठ अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों की मौजूदगी में यह समझौता संपन्न हुआ।
श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय के प्रेसीडेंट श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज के आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन में हुए इस एमओयू को दोनों संस्थानों के बीच दीर्घकालिक अकादमिक एवं अनुसंधान सहयोग की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. विपिन चन्द्र घिल्डियाल ने इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय की टीम को बधाई दी।
एमओयू के तहत दोनों संस्थान आपसी रुचि के क्षेत्रों में संयुक्त अनुसंधान परियोजनाओं, वैज्ञानिक एवं अकादमिक गतिविधियों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों, कार्यशालाओं तथा ज्ञान और विशेषज्ञता के आदान-प्रदान के लिए मिलकर कार्य करेंगे। इसके माध्यम से एसजीआरआर विश्वविद्यालय के शिक्षकों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर के अनुसंधान संस्थान के साथ वैज्ञानिक संवाद एवं सहयोगात्मक शोध में सहभागिता के अवसर मिलेंगे।
इस सहयोग से अंतर्विषयक अनुसंधान, नवाचार, कौशल विकास और संस्थागत अनुसंधान क्षमता को मजबूत करने पर भी जोर दिया जाएगा। विश्वविद्यालय प्रतिनिधियों के अनुसार, यह एमओयू भविष्य में संयुक्त शोध परियोजनाओं और क्षमता निर्माण के नए अवसरों का मार्ग प्रशस्त करेगा।
कार्यक्रम में सीसीआरएच की ओर से महानिदेशक डॉ. सुभाष कौशिक, डॉ. के.सी. मुरलीधरन, वैज्ञानिक-डी डॉ. रेनू मित्तल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं एसजीआरआर विश्वविद्यालय की ओर से कुलसचिव डॉ. सोनिका कंडारी, प्रोफेसर डॉ. द्वारिका पी. मैठाणी, स्कूल ऑफ बेसिक एंड एप्लाइड साइंसेज के डीन डॉ. पंकज चमोली तथा स्कूल रिसर्च कोऑर्डिनेटर डॉ. सुभाष चंद्र ने प्रतिनिधित्व किया।



