टिहरी News: खेल प्रतिभाओं को मिलेगा बड़ा मंच, सितंबर से शुरू होगी मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी
सीडीओ वरुणा अग्रवाल ने दिए 15 अगस्त तक सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश, अंडर-14, अंडर-19, ओपन और दिव्यांग वर्ग के खिलाड़ी लेंगे हिस्सा

टिहरी। खेल महाकुंभ-2026 के तहत आयोजित होने वाली मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी की तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सभी संबंधित विभागों को 15 अगस्त तक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए। प्रतियोगिताओं का आयोजन सितंबर से अक्टूबर 2026 तक चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा।
युवा कल्याण विभाग के अनुसार प्रतियोगिताओं में अंडर-14 और अंडर-19 आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं के अलावा महिला, पुरुष ओपन और दिव्यांग वर्ग के खिलाड़ी भी भाग लेंगे। सीडीओ ने खेल, शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग को आपसी समन्वय के साथ आयोजन को सफल बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में यह भी तय किया गया कि सभी खेल स्थलों पर फर्स्ट एड, एंबुलेंस और अन्य स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। वहीं पंचायती राज एवं ग्राम्य विकास विभाग को न्याय पंचायत स्तर पर प्रतियोगिताओं के संचालन में पूरा सहयोग देने के निर्देश दिए गए।
ऐसे होगा प्रतियोगिताओं का आयोजन
1 से 10 सितंबर: न्याय पंचायत स्तर की प्रतियोगिताएं
11 से 20 सितंबर: विधायक चैम्पियनशिप ट्रॉफी
21 से 30 सितंबर: सांसद चैम्पियनशिप ट्रॉफी
30 अक्टूबर तक: राज्य स्तरीय मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी
सीडीओ ने कहा कि सभी समितियां समयबद्ध तरीके से अपनी जिम्मेदारियां पूरी करें ताकि खेल महाकुंभ का सफल आयोजन सुनिश्चित हो सके।



