टिहरी News: बिना अनुमति श्रमिक शिविर पर डीएम सख्त, निजी फर्म के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश
बौराड़ी स्टेडियम में अव्यवस्था के बाद मचा था हंगामा, जांच में दोषी मिली निजी फर्म को ब्लैकलिस्ट करने की संस्तुति

टिहरी गढ़वाल। श्रमिक कल्याण योजनाओं के नाम पर बिना अनुमति शिविर आयोजित करने के मामले में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने सख्त रुख अपनाया है। उत्तराखंड भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के नाम पर निजी फर्म द्वारा आयोजित किए गए शिविर को लेकर डीएम ने श्रम विभाग शासन को पत्र भेजकर संबंधित फर्म के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की है।
जिलाधिकारी के अनुसार 2 अगस्त को आयोजित शिविर के लिए जिला प्रशासन और श्रम विभाग से कोई अनुमति नहीं ली गई थी। शिविर में किट वितरण की व्यवस्था भी सही नहीं होने के कारण श्रमिकों और आमजन में नाराजगी फैल गई। बौराड़ी स्टेडियम में बड़ी संख्या में लोगों के एकत्र होने से कानून व्यवस्था की स्थिति भी बन गई थी।
जांच में फर्म पर कार्रवाई की संस्तुति
मामले की जांच उपजिलाधिकारी टिहरी कमलेश मेहता से कराई गई। जांच रिपोर्ट में संबंधित निजी फर्म की लापरवाही सामने आने के बाद फर्म के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई और ब्लैकलिस्ट किए जाने की संस्तुति की गई है।
अब प्रशासन की अनुमति के बाद ही लगेंगे शिविर
डीएम नितिका खण्डेलवाल ने निर्देश दिए हैं कि भविष्य में श्रमिक कल्याण शिविर केवल सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति और जिला प्रशासन के समन्वय से ही आयोजित किए जाएंगे। शिविरों की पूर्व सूचना ग्राम प्रधानों और जनप्रतिनिधियों को भी दी जाएगी, जिससे पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से पहुंच सके।
श्रम प्रवर्तन अधिकारी पर भी कार्रवाई
जिलाधिकारी ने श्रम विभाग के कार्यों में लगातार मिल रही शिकायतों और संतोषजनक कार्रवाई नहीं होने पर श्रम प्रवर्तन अधिकारी का वेतन अगले आदेश तक रोकने के निर्देश दिए हैं।



