होटल-होमस्टे को मिलेगी ग्रीन रेटिंग, पर्यावरण संरक्षण के साथ पर्यटकों से बेहतर व्यवहार पर जोर
डीएम नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में कार्यशाला, ऊर्जा व जल संरक्षण, कचरा प्रबंधन और सतत पर्यटन को लेकर संचालकों को किया जागरूक

टिहरी गढ़वाल, 25 सितंबर 2026। पर्यटन विभाग के अंतर्गत पंजीकृत होटल एवं होमस्टे संचालकों के लिए शुक्रवार को विकास भवन सभागार में ग्रीन रेटिंग सिस्टम के क्रियान्वयन को लेकर कार्यशाला आयोजित की गई। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में आयोजित कार्यशाला में होटल एवं होमस्टे संचालकों को पर्यावरण अनुकूल व्यवस्थाएं अपनाने के साथ ही पर्यटकों के साथ बेहतर व्यवहार और सतत पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक जानकारी दी गई।
कार्यशाला में विशेषज्ञों ने ग्रीन रेटिंग सिस्टम के विभिन्न मानकों, मूल्यांकन प्रक्रिया तथा पंजीकृत होटल एवं होमस्टे इकाइयों में अपनाई जाने वाली आवश्यक व्यवस्थाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। संचालकों को ऊर्जा और जल संरक्षण, कचरा प्रबंधन, स्वच्छता तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी व्यवस्थाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए मार्गदर्शन दिया गया।
इसके साथ ही पर्यटकों के साथ व्यवहार, आतिथ्य सत्कार और उन्हें बेहतर पर्यटन अनुभव उपलब्ध कराने के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई। अधिकारियों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के साथ पर्यटन गतिविधियों को आगे बढ़ाना समय की आवश्यकता है। ग्रीन रेटिंग सिस्टम का उद्देश्य होटल और होमस्टे इकाइयों में हरित एवं टिकाऊ व्यवस्थाओं को प्रोत्साहित करना है।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य जिले में सतत, स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल पर्यटन को बढ़ावा देना तथा होटल एवं होमस्टे क्षेत्र को निर्धारित हरित मानकों के अनुरूप विकसित करना रहा।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, जिला पर्यटन अधिकारी एसएस राणा, अधिशासी अभियंता जल संस्थान प्रशान्त भारद्वाज, वरिष्ठ उरेडा अधिकारी एसएस मेहरा, विभिन्न नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी व कार्मिक, जिला पंचायत तथा पेयजल समेत संबंधित विभागों के अधिकारी और होटल-होमस्टे संचालक एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।



