थत्यूड

कड़ाके की ठंड में ठिठुरा थत्यूड़ बाजार, अलाव न जलने से व्यापारी व राहगीर बेहाल

चार पट्टियों के दर्जनों गांवों के प्रमुख बाजार में प्रशासन की उदासीनता, व्यापार मंडल ने तीन स्थानों पर सार्वजनिक अलाव की उठाई मांग

रिपोर्ट–मुकेश रावत 

थत्यूड़। पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार गिरते तापमान और कड़ाके की ठंड के बीच विकासखंड मुख्यालय थत्यूड़ बाजार में अलाव की व्यवस्था न होने से व्यापारी, ग्राहक और राहगीर भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। ठंड से बचाव के कोई इंतजाम न होने के कारण सुबह और शाम के समय बाजार में रुकना मुश्किल हो गया है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

थत्यूड़ बाजार चार पट्टियों के दर्जनों गांवों का प्रमुख व्यापारिक केंद्र होने के साथ-साथ ब्लॉक मुख्यालय भी है। प्रतिदिन यहां दूर-दराज के गांवों से बड़ी संख्या में लोग खरीदारी, सरकारी कार्यों और अन्य जरूरतों के लिए पहुंचते हैं, लेकिन बावजूद इसके शासन-प्रशासन द्वारा ठंड के मौसम में राहत के लिए अलाव की कोई नियमित व्यवस्था नहीं की जाती है।

व्यापारियों का कहना है कि थत्यूड़ बाजार के साथ ही सुक्तियाणा और ढाणा बाजार में भी हर वर्ष यही स्थिति बनी रहती है। ठंड के मौसम में अलाव न जलने से दुकानदारों को पूरे दिन ठिठुरते हुए व्यापार करना पड़ता है, वहीं बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को भी खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इससे बाजार की रौनक पर भी असर पड़ रहा है।

इस समस्या को लेकर व्यापारियों में खासा रोष देखा जा रहा है। व्यापार मंडल के अध्यक्ष अकवीर पंवार, महामंत्री विक्रम चौहान, जगत असवाल, रामसिंह भंडारी, संदीप कुमार, सुरेन्द्र पंवार, एसपी लेखवार, मुकेश सजवाण और राम प्रकाश भट्ट ने एक स्वर में मांग की है कि थत्यूड़ बाजार क्षेत्र के कम से कम तीन प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर शीघ्र अलाव जलाने की व्यवस्था की जाए, ताकि आमजन को ठंड से राहत मिल सके।

व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र व्यवस्था नहीं की गई तो वे प्रशासन के समक्ष आंदोलन करने को भी मजबूर होंगे। उनका कहना है कि प्रशासन हर वर्ष सर्दियों में इस समस्या को नजरअंदाज करता है, जबकि अलाव जैसी मूलभूत सुविधा आम जनता की जरूरत है।

इस संबंध में तहसीलदार बिरम सिंह पंवार ने बताया कि मामले को संज्ञान में लिया गया है। राजस्व विभाग के कर्मचारियों को अलाव जलाने के निर्देश दे दिए गए हैं और जल्द ही थत्यूड़ बाजार सहित अन्य बाजार क्षेत्रों में अलाव की व्यवस्था सुनिश्चित कर दी जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!