थत्यूड़ में दो दिवसीय बहुउद्देशीय शिविर सम्पन्न, 200 छात्र-छात्राओं ने ली करियर काउंसिलिंग की जानकारी
146 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर वितरित की गईं दवाएं, किसानों को प्रमाण पत्र और श्रम किट का किया गया वितरण

रिपोर्ट — मुकेश रावत
टिहरी गढ़वाल, 28 सितंबर। शासन के निर्देश पर जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने और उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत जौनपुर विकासखंड मुख्यालय थत्यूड़ में दो दिवसीय बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया।
शिविर के प्रथम दिन रविवार को क्षेत्रीय विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने प्रगतिशील काश्तकारों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान श्रमिकों को मुख्यमंत्री श्रम किट भी वितरित की गई। शिविर में करीब दो दर्जन शिकायतें एवं समस्याएं प्राप्त हुईं, जिनमें अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा गया।
शिविर के दूसरे दिन सोमवार को विभिन्न विद्यालयों के करीब 200 छात्र-छात्राओं ने करियर काउंसिलिंग कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को रोजगार, करियर के विकल्प और भविष्य की संभावनाओं से संबंधित जानकारी दी।
इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्वास्थ्य शिविर लगाया गया, जिसमें 146 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा जरूरत के अनुसार दवाएं वितरित की गईं।
जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खंडेलवाल ने अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जनपद के विभिन्न विकासखंडों में न्याय पंचायत और ग्राम पंचायत स्तर पर बहुउद्देशीय एवं स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आमजन को सरकारी योजनाओं से लाभान्वित करने के साथ ही प्राप्त शिकायतों, समस्याओं और मांग पत्रों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा है।
खंड विकास अधिकारी जौनपुर एवं नोडल अधिकारी अर्जुन सिंह रावत ने बताया कि शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारियों ने प्रतिभाग कर लोगों को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी मोहम्मद असलम सहित स्वास्थ्य, राजस्व, सेवायोजन, कृषि समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।



