थत्यूड़ में पुलिस ने छात्रों को पढ़ाया साइबर सुरक्षा का पाठ, नशे से दूर रहने का दिया संदेश
करियर काउंसलिंग के साथ उत्तराखंड पुलिस एप और गौरा शक्ति एप की दी जानकारी, साइबर ठगी होने पर 1930 पर शिकायत की अपील

थत्यूड़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के निर्देशन में थाना थत्यूड़ पुलिस ने जौनपुर ब्लॉक थत्यूड़ में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों और आमजन को साइबर अपराध, महिला सुरक्षा और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया।
पुलिस टीम ने युवाओं को करियर काउंसलिंग के दौरान पुलिस विभाग में भर्ती और पुलिस सेवा में रोजगार के अवसरों की जानकारी दी। साथ ही उत्तराखंड पुलिस एप और गौरा शक्ति एप की उपयोगिता बताते हुए महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी सुविधाओं से अवगत कराया।
कार्यक्रम में पुलिस ने साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी से बचाव को लेकर विशेष रूप से जागरूक किया। पुलिस ने कहा कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, एटीएम या डेबिट कार्ड की जानकारी, बैंक डिटेल और पासवर्ड साझा न करें। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से भी बचें। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का सावधानी और जिम्मेदारी से इस्तेमाल करने की अपील की गई।
पुलिस ने बताया कि साइबर ठगी होने पर पीड़ित तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं और नजदीकी पुलिस थाने से संपर्क करें।
इसके अलावा युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए नशे से दूर रहने और अपने आसपास के लोगों को भी इसके खिलाफ जागरूक करने का आह्वान किया गया। पुलिस ने युवाओं से अपने भविष्य और करियर पर ध्यान केंद्रित कर सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने की अपील की।
पुलिस ने छात्र-छात्राओं और आमजन से कार्यक्रम में दी गई जानकारी को अपने परिवार, मित्रों और ग्रामवासियों तक पहुंचाने का आग्रह किया, ताकि साइबर अपराध, महिला अपराध और नशे के खिलाफ व्यापक स्तर पर जागरूकता पैदा की जा सके।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अजय कृष्ण, हेड कांस्टेबल मुकेश सिलोरी और महिला कांस्टेबल सोनम शामिल रहीं।



