थत्यूड़ में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, परिवर्तन संकल्प यात्रा में भाजपा पर जमकर बरसे प्रीतम सिंह और विक्रम नेगी
सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने निकाली विशाल परिवर्तन रैली, दर्जनों लोगों ने थामा कांग्रेस का हाथ; धनोल्टी में बदलाव का किया दावा

थत्यूड़। धनोल्टी विधानसभा के राजनीतिक समीकरणों के बीच बुधवार को विकासखंड मुख्यालय थत्यूड़ में कांग्रेस ने शक्ति प्रदर्शन करते हुए परिवर्तन संकल्प सम्मेलन यात्रा का आगाज किया। जौनपुर ब्लॉक मुख्यालय के मुख्य चौराहे से शिव मार्केट होते हुए रामलीला मैदान तक निकली विशाल परिवर्तन रैली में सैकड़ों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी और कांग्रेस के पक्ष में गूंजे नारों ने पूरे क्षेत्र का माहौल राजनीतिक रंग में रंग दिया।
रामलीला मैदान में आयोजित परिवर्तन संकल्प सम्मेलन का शुभारंभ कांग्रेस प्रदेश चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष एवं चकराता विधायक प्रीतम सिंह चौहान तथा प्रतापनगर विधायक विक्रम सिंह नेगी ने किया। सभा को संबोधित करते हुए दोनों नेताओं ने प्रदेश सरकार पर महंगाई, भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था के मुद्दों को लेकर तीखे हमले बोले।
चकराता विधायक प्रीतम सिंह चौहान ने कहा कि भाजपा सरकार में महंगाई और भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच चुका है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय लगभग 400 रुपये में मिलने वाला रसोई गैस सिलेंडर आज एक हजार रुपये तक पहुंच गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार इस कदर बढ़ गया है कि मंदिरों के चढ़ावे तक सुरक्षित नहीं हैं।
प्रतापनगर विधायक विक्रम सिंह नेगी ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने अंकिता भंडारी हत्याकांड का जिक्र करते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा और कहा कि प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा गंभीर चिंता का विषय बन चुकी है।
मसूरी नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष मनमोहन सिंह मल ने कहा कि परिवर्तन रैली में उमड़ी भीड़ इस बात का संकेत है कि धनोल्टी विधानसभा की जनता बदलाव का मन बना चुकी है। उन्होंने कहा कि यदि पार्टी उन्हें अवसर देती है तो वह धनोल्टी विधानसभा के चहुंमुखी विकास के लिए पूरी ताकत से काम करेंगे।
सम्मेलन के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आए दर्जनों लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर पार्टी का दामन थामा।
कार्यक्रम में मसूरी के पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला, कांग्रेस जिला अध्यक्ष मुरारी लाल खंडेलवाल, महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष आशा रावत, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राम प्रकाश चमोली, थोलधार ब्लॉक अध्यक्ष श्रीपाल सिंह पवार, नैनबाग ब्लॉक अध्यक्ष दीपचंद राणा, सकलाना ब्लॉक अध्यक्ष वीरेंद्र बिष्ट, वरिष्ठ अधिवक्ता शांति प्रसाद भट्ट, आनंद सिंह बेलवाल, सुरेंद्र रावत, अखिलेश उनियाल, प्रदीप बिट्टू, कवि महिपाल सिंह रावत, विजय सिंह गुसाईं, दिनेश रावत, अमित बढ़ियारी, अनिल बधानी, राजबाला असवाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन सोमवारी लाल नौटियाल ने किया।



