संविधान दिवस पर CM धामी की बड़ी घोषणाएं, अभियोजन विभाग को मिलेंगे 25 लाख रुपये
देहरादून पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने नए आपराधिक कानूनों के प्रशिक्षण और जनजागरूकता के लिए अतिरिक्त बजट देने की घोषणा की; अभियोजन कार्यालयों के आधुनिकीकरण और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी जोर।

देहरादून। संविधान एवं विधि दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अभियोजन विभाग को मजबूत बनाने के लिए तीन महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। देहरादून स्थित पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने नए आपराधिक कानूनों के प्रशिक्षण और आमजन को जागरूक करने के लिए अभियोजन विभाग को 25 लाख रुपये की अतिरिक्त धनराशि स्वीकृत करने की घोषणा की। इसके साथ ही अभियोजन कार्यालयों के आधुनिकीकरण और प्रदेश के सभी जनपदों में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में संविधान दिवस की शुभकामनाएं देते हुए भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर और संविधान सभा के सदस्यों के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि संविधान दिवस हमें संवैधानिक आदर्शों, मूल्यों और कर्तव्यों को अपने व्यवहार एवं कार्यशैली में अपनाने की प्रेरणा देता है।
अभियोजन विभाग को मिलेगा अतिरिक्त बजट
मुख्यमंत्री ने कहा कि नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अभियोजन, पुलिस और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षित करना जरूरी है। इसके साथ ही आमजन को भी इन कानूनों के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसी उद्देश्य से अभियोजन विभाग को 25 लाख रुपये की अतिरिक्त धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने अभियोजन कार्यालयों में कंप्यूटर और अन्य आवश्यक सुविधाओं के लिए अतिरिक्त बजट देने तथा सभी जिलों में कार्यालयों की बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री के अनुसार, इन प्रयासों से अभियोजन विभाग की कार्यक्षमता बढ़ेगी और आपराधिक न्याय व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
12 विभूतियों को किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विधि, समाजसेवा, चिकित्सा, शिक्षा और अभियोजन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 12 विभूतियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर ‘उत्तराखण्ड अभियोजन पत्रिका’ और ‘हमारा राज्य, हमारा कानून’ पुस्तकों का विमोचन भी किया गया।
मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों को संविधान की शपथ दिलाई और विधि रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि न्याय व्यवस्था की विश्वसनीयता सत्य, निष्पक्षता और पारदर्शिता पर निर्भर करती है।
न्याय व्यवस्था में अभियोजन की अहम भूमिका
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियोजन सेवा आपराधिक न्याय व्यवस्था का महत्वपूर्ण स्तंभ है। विवेचना अधिकारियों द्वारा जुटाए गए साक्ष्यों का विधिक परीक्षण करना, तथ्यों को न्यायालय के समक्ष निष्पक्षता से प्रस्तुत करना और पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए प्रभावी पैरवी करना अभियोजन अधिकारियों की प्रमुख जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि अभियोजन अधिकारियों की विधिक दक्षता, ईमानदारी और निष्पक्ष कार्यशैली से न्याय व्यवस्था के प्रति आम नागरिकों का विश्वास मजबूत होता है।
नए आपराधिक कानूनों को बताया महत्वपूर्ण सुधार
मुख्यमंत्री ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था। वर्ष 2015 में केंद्र सरकार ने 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया।
उन्होंने कहा कि भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम के माध्यम से आपराधिक न्याय व्यवस्था को आधुनिक और नागरिक केंद्रित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। इन कानूनों में पीड़ितों के अधिकारों और समयबद्ध न्याय पर विशेष ध्यान दिया गया है।
डिजिटल सुविधाओं से आसान होगी न्याय तक पहुंच
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में न्याय व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए नए न्यायालय भवनों के निर्माण, पुराने भवनों के आधुनिकीकरण, ई-फाइलिंग, डिजिटल न्यायालयों और वर्चुअल सुनवाई जैसी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। इससे दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों के लोगों को न्याय तक पहुंचने में सहूलियत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कानून का राज कायम रखने और अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर अमल करने के लिए प्रतिबद्ध है। कानून का पालन बिना किसी भेदभाव के सुनिश्चित करना और उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करना आवश्यक है।
कार्यक्रम में विधायक विनोद चमोली, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल, सचिव गृह शैलेश बगौली, निदेशक अभियोजन ए.पी. अंशुमान सहित पुलिस एवं अभियोजन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।



