धनोल्टी को मिली बड़ी सौगात: थत्यूड़-कैंपटी मिसिंग लिंक सड़क के लिए 68.60 लाख मंजूर, 5 साल का इंतजार खत्म
क्षेत्रीय विधायक प्रीतम सिंह पंवार के प्रयासों से मिली प्रशासनिक व वित्तीय स्वीकृति, सड़क बनने से मसूरी का लंबा चक्कर खत्म होगा और पर्यटन के साथ स्थानीय व्यापार को भी मिलेगा नया जीवन।

थत्यूड़। धनोल्टी विधानसभा क्षेत्र के हजारों लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। उत्तराखंड शासन ने राज्य योजना के तहत विकासखंड जौनपुर के थत्यूड़-कैंपटी मोटर मार्ग के बहुप्रतीक्षित 1.60 किलोमीटर मिसिंग लिंक पर पहाड़ कटान कार्य (द्वितीय चरण, स्टेज-1) के लिए 68.60 लाख रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस स्वीकृति के साथ करीब पांच वर्षों से अधर में लटका सड़क निर्माण कार्य अब तेजी से आगे बढ़ने का रास्ता साफ हो गया है।
कांडाजाख की ग्राम प्रधान मोनिका और जयपाल कैरवाण ने बताया कि थत्यूड़ और कैंपटी दोनों ओर से सड़क का निर्माण पहले ही पूरा हो चुका था, लेकिन कोल्टी गांव से आगे कखाड़ी और मवाणा से पीछे जगालकुड़ी के बीच लगभग 1.60 किलोमीटर हिस्सा स्वीकृति के अभाव में अधूरा रह गया था। अब शासन से मंजूरी मिलने के बाद इस बाधा का भी समाधान हो गया है।
उन्होंने बताया कि क्षेत्रीय विधायक प्रीतम सिंह पंवार के लगातार प्रयासों से इस महत्वपूर्ण सड़क परियोजना को स्वीकृति मिली है। सड़क पूरी होने के बाद थत्यूड़ से कैंपटी जाने के लिए लोगों को मसूरी होकर लंबा चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। सीधा संपर्क स्थापित होने से करीब 10 किलोमीटर की दूरी कम होगी और समय व ईंधन दोनों की बचत होगी।
इस सड़क का लाभ केवल आवागमन तक सीमित नहीं रहेगा। विकासखंड मुख्यालय थत्यूड़ पहुंचना दर्जनों गांवों के ग्रामीणों के लिए आसान होगा। वहीं पर्यटन की दृष्टि से भी यह मार्ग बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा। देवलसारी और नागटिब्बा जैसे प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान होने से मसूरी और कैंपटी आने वाले पर्यटकों का रुख इन क्षेत्रों की ओर भी बढ़ेगा। इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और क्षेत्रीय व्यापार को भी नई गति मिलेगी।
विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने बताया कि लोक निर्माण विभाग थत्यूड़ के अधिकारियों को सड़क निर्माण के टेंडर शीघ्र जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं लोक निर्माण विभाग थत्यूड़ के अधिशासी अभियंता आदर्श गोपाल ने कहा कि एक सप्ताह के भीतर टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।



