टिहरी में ग्राम पंचायत उपप्रधान चुनाव का बिगुल, 15 जुलाई को होगा मतदान, आज से नामांकन पत्रों की बिक्री शुरू
नामांकन से मतगणना तक पूरा शेड्यूल तय, 8 से 14 जुलाई तक मिलेंगे नामांकन पत्र; निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव के निर्देश

नई टिहरी | 08 जुलाई 2026
जनपद टिहरी गढ़वाल की रिक्त ग्राम पंचायतों में उपप्रधान पदों के सामान्य निर्वाचन की तैयारियां तेज हो गई हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने निर्वाचन कार्यक्रम जारी करते हुए बताया कि 15 जुलाई 2026 को संबंधित ग्राम पंचायतों में उपप्रधान पदों के लिए मतदान कराया जाएगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 15 जुलाई को सुबह 10:00 से 11:00 बजे तक नामांकन, 11:00 से 12:00 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच, 12:00 से 12:30 बजे तक नाम वापसी, 12:30 से 1:00 बजे तक चुनाव चिन्ह आवंटन, 1:30 से 3:30 बजे तक मतदान और शाम 4:00 बजे से मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे।
उम्मीदवारों के लिए नामांकन पत्रों की बिक्री 8 जुलाई से 14 जुलाई तक संबंधित क्षेत्र पंचायत मुख्यालयों में प्रतिदिन सुबह 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक की जाएगी।
निर्वाचन प्रक्रिया संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालयों में संपन्न होगी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि चुनाव पूरी तरह निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराया जाए।



