नशामुक्त शादियों को मिलेगा सम्मान, 8 जून को 100 परिवारों का होगा अभिनंदन
जौनपुर विकास मंच की बैठक में लिया गया महत्वपूर्ण निर्णय, समाज में सकारात्मक संदेश देने वालों को किया जाएगा सम्मानित

रिपोर्ट —मुकेश रावत
थत्यूड़ (टिहरी)। जौनपुर विकासखंड क्षेत्र में नशामुक्त समाज की दिशा में सराहनीय पहल करने वाले परिवारों को अब सार्वजनिक सम्मान मिलेगा। शनिवार को विकासखंड कार्यालय परिसर में आयोजित जौनपुर विकास मंच की बैठक में यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। बैठक की अध्यक्षता मंच के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं पूर्व ज्येष्ठ उप प्रमुख महिपाल सिंह रावत ने की।
बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि विकासखंड क्षेत्र में जिन परिवारों ने अपने विवाह समारोहों को पूरी तरह नशामुक्त रखा और शादी में शराब परोसने से परहेज किया, ऐसे परिवारों को मंच की ओर से सम्मानित किया जाएगा। मंच का मानना है कि ऐसे परिवार समाज में सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं और युवाओं को नशे से दूर रहने की प्रेरणा दे रहे हैं।
मंच के पदाधिकारियों ने बताया कि 8 जून को विकासखंड सभागार में आयोजित एक विशेष समारोह में लगभग 100 लोगों एवं परिवारों को सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए सभी चयनित सम्मानार्थियों एवं क्षेत्रवासियों से सुबह 10 बजे ब्लॉक सभागार में समय से पहुंचने की अपील की गई है।
बैठक में मंच के महामंत्री खेमराज भट्ट, निहाल सिंह रावत, शिक्षाविद चेतन प्रसाद नौटियाल, पृथ्वी सिंह रावत, खुशाल सिंह चौहान सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



