सीमांत मुनस्यारी पहुंचे राज्यपाल गुरमीत सिंह, विकास योजनाओं और जनकल्याण कार्यक्रमों की करेंगे समीक्षा
जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने किया स्वागत, पुलिस जवानों ने दी गार्ड ऑफ ऑनर; जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों से करेंगे संवाद

पिथौरागढ़। उत्तराखंड के माननीय राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह शनिवार को अपने दो दिवसीय मुनस्यारी दौरे पर पहुंचे। मुनस्यारी आगमन पर जिला प्रशासन की ओर से जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक अक्षय कोंडे, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संतोष सिंह नबियाल तथा 14वीं वाहिनी आईटीबीपी के कमांडेंट रामभरत सिंह कुशवाहा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भी राज्यपाल का स्वागत किया।
मुनस्यारी पहुंचने के बाद पुलिस के जवानों ने माननीय राज्यपाल को गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया। राज्यपाल ने परेड का निरीक्षण कर जवानों का अभिवादन स्वीकार किया तथा उनके अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की।
दो दिवसीय प्रवास के दौरान राज्यपाल क्षेत्र में संचालित विकास योजनाओं, प्रशासनिक व्यवस्थाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की समीक्षा करेंगे। साथ ही वे स्थानीय जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों तथा विभिन्न वर्गों के लोगों से संवाद कर सीमांत क्षेत्र की समस्याओं, विकास की संभावनाओं और जनहित से जुड़े मुद्दों की जानकारी प्राप्त करेंगे।
राज्यपाल के दौरे को सीमांत क्षेत्र के विकास और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को मजबूती प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।



