उत्तराखंड ताज़ा

उत्तराखंड में पांच साल में 35 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी, सीएम धामी बोले- भ्रष्टाचारियों को बख्शेंगे नहीं

उत्तराखंड उदय कॉन्क्लेव’ में मुख्यमंत्री ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां; नकल विरोधी कानून, समान नागरिक संहिता और चारधाम यात्रा को बताया विकास के महत्वपूर्ण पड़ाव

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार युवाओं के भविष्य को सुरक्षित बनाने, भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और प्रदेश के प्रत्येक वर्ग तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि पिछले पांच वर्षों में प्रदेश के 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं। सरकार ने सख्त नकल विरोधी कानून लागू कर भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है।

मुख्यमंत्री मंगलवार को देहरादून में आईएसबीटी के निकट एक होटल में एचएनएन न्यूज चैनल की ओर से आयोजित ‘उत्तराखंड उदय कॉन्क्लेव’ में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विषयों पर पूछे गए सवालों के जवाब देते हुए राज्य सरकार की उपलब्धियों, नीतियों और विकास योजनाओं की जानकारी साझा की।

नकल माफिया पर सख्ती, युवाओं को योग्यता के आधार पर रोजगार

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को उनकी मेहनत और योग्यता के आधार पर रोजगार उपलब्ध कराना सरकार का संकल्प है। भर्ती प्रक्रिया में अनियमितताओं पर अंकुश लगाने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। सरकार का प्रयास है कि युवाओं को निष्पक्ष व्यवस्था मिले और वे अपने भविष्य को लेकर आश्वस्त रहें।

समान नागरिक संहिता से महिलाओं के अधिकारों को मजबूती

सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड समान नागरिक संहिता लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। यह महिला सशक्तीकरण और समान अधिकारों की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को कानूनी अधिकारों के साथ आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाना भी सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

महिलाओं को रोजगार, स्वरोजगार और आजीविका के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं, ताकि वे आर्थिक रूप से सशक्त बनकर प्रदेश के विकास में भागीदारी निभा सकें।

भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस, हेल्पलाइन 1064 पर करें शिकायत

मुख्यमंत्री ने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कहा कि राज्य सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायतों के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 की व्यवस्था की गई है। इसके माध्यम से नागरिक भ्रष्टाचार की शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि शासन और प्रशासन में पारदर्शिता तथा जवाबदेही सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। भ्रष्टाचार में संलिप्त पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

चारधाम यात्रा में 59 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने का दावा

चारधाम यात्रा का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष यात्रा में 59 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंच चुके हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या उत्तराखंड के प्रति लोगों की आस्था और विश्वास को दर्शाती है।

उन्होंने कहा कि सरकार श्रद्धालुओं की सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। यात्रा मार्गों पर सड़क, स्वास्थ्य, यातायात और सुरक्षा संबंधी सुविधाओं को बेहतर बनाया जा रहा है। इसके साथ ही अन्य धार्मिक और पर्यटन स्थलों को प्रोत्साहित कर स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित किए जा रहे हैं।

प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में विकास की राह पर उत्तराखंड

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूल मंत्र के अनुरूप समाज के प्रत्येक वर्ग तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना देश की एकता, अखंडता और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करती है। उत्तराखंड भी अपनी सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को संरक्षित रखते हुए विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

अंतिम छोर तक विकास पहुंचाना सरकार का लक्ष्य

सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है। इसके लिए युवाओं के रोजगार, महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण, पर्यटन के विस्तार, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि जनसहभागिता और सामूहिक प्रयासों के माध्यम से उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!