11 से 13 नवंबर तक सजेगा जौनपुर महोत्सव, मुख्यमंत्री धामी को दिया जाएगा न्योता
थत्यूड़ में जौनपुर महोत्सव समिति और जौनपुर विकास मंच की बैठक में बनी सहमति, रासो-पांडव नृत्य के साथ कबड्डी, वॉलीबाल और सांस्कृतिक झांकियां रहेंगी आकर्षण का केंद्र

रिपोर्ट–मुकेश रावत
थत्यूड़ (टिहरी गढ़वाल)। जौनपुर की समृद्ध लोक संस्कृति, पारंपरिक विरासत और क्षेत्रीय एकता को नई पहचान देने के लिए जौनपुर महोत्सव की तैयारियां तेज हो गई हैं। आगामी 11, 12 और 13 नवंबर को तीन दिवसीय जौनपुर महोत्सव आयोजित किया जाएगा। गुरुवार को जौनपुर विकासखंड मुख्यालय थत्यूड़ स्थित रामलीला मैदान में जौनपुर महोत्सव समिति एवं जौनपुर विकास मंच की बैठक में महोत्सव को भव्य स्वरूप देने पर सहमति बनी। बैठक में प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को महोत्सव में आमंत्रित करने के लिए प्रतिनिधिमंडल के माध्यम से मुलाकात करने का निर्णय भी लिया गया।
बैठक में क्षेत्रीय विकास, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और महोत्सव में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर चर्चा की गई। उपस्थित जनप्रतिनिधियों, समिति पदाधिकारियों और क्षेत्रवासियों ने महोत्सव को सफल बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने पर जोर दिया।
क्षेत्र की संस्कृति और समृद्धि का प्रतीक बनेगा महोत्सव: सीता पवार
ब्लॉक प्रमुख सीता पवार ने कहा कि जौनपुर महोत्सव क्षेत्र के विकास, समृद्धि और सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण आयोजन है। उन्होंने क्षेत्र पंचायत सदस्यों, ग्राम प्रधानों और जिला पंचायत सदस्यों सहित सभी जनप्रतिनिधियों से महोत्सव को सफल बनाने में सहयोग देने की अपील की। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों की सक्रिय भागीदारी से इस आयोजन को यादगार बनाया जा सकता है।
वर्ष 2015 में हुई थी महोत्सव की शुरुआत
जौनपुर महोत्सव समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह राणा ने कहा कि बैठक में सभी सदस्यों और क्षेत्रवासियों ने एकजुट होकर इस बार महोत्सव को भव्य एवं दिव्य स्वरूप में आयोजित करने की इच्छा जताई है। उन्होंने बताया कि जौनपुर महोत्सव की शुरुआत वर्ष 2015 में हुई थी। वर्ष 2023 में भी इसका आयोजन किया गया था, जबकि पिछले वर्ष महोत्सव आयोजित नहीं हो पाया था। इस बार सभी के सहयोग से महोत्सव को नए उत्साह और व्यापक स्तर पर आयोजित करने की तैयारी है।
उन्होंने बताया कि महोत्सव में जौनपुर की समृद्ध लोक संस्कृति और पारंपरिक विरासत को विशेष स्थान दिया जाएगा। कार्यक्रम में रासो नृत्य, पांडव नृत्य, कबड्डी और वॉलीबाल सहित विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही क्षेत्र के विद्यालयों की ओर से आकर्षक सांस्कृतिक झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी, जो स्थानीय संस्कृति और परंपराओं की झलक पेश करेंगी।
वीरेंद्र सिंह राणा ने कहा कि महोत्सव को लेकर क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कार्यक्रम में शामिल होकर क्षेत्रवासियों का उत्साह बढ़ाएंगे।
नई पीढ़ी को परंपराओं से जोड़ेगा जौनपुर महोत्सव: मुलायम सिंह रावत
भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री एवं मुख्यमंत्री के जनसंपर्क अधिकारी मुलायम सिंह रावत ने कहा कि जौनपुर महोत्सव क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने और नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान और विकास को मजबूत करने के लिए सभी जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्रवासियों को मिलकर काम करना होगा।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों से संवाद करने का प्रयास करते हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री को जौनपुर महोत्सव में आमंत्रित करने के लिए प्रतिनिधिमंडल मुलाकात करेगा। बैठक में उपस्थित लोगों ने भी मुख्यमंत्री को आमंत्रित करने पर सहमति जताई।
राजनीतिक मतभेद भुलाकर क्षेत्रहित में एकजुट हों: गीता रावत
दर्जाधारी राज्य मंत्री गीता रावत ने कहा कि जौनपुर क्षेत्र की सबसे बड़ी ताकत यहां की एकता, आपसी सहयोग और भाईचारा है। क्षेत्र के लोग विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े होने के बावजूद विकास और सांस्कृतिक आयोजनों के लिए एकजुट होकर कार्य करते हैं।
उन्होंने कहा कि छोटी-मोटी बातों और राजनीतिक मतभेदों को अलग रखकर क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। जौनपुर महोत्सव केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि क्षेत्रीय एकता और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का भी महत्वपूर्ण माध्यम है।
गीता रावत ने क्षेत्रवासियों से महोत्सव में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को कार्यक्रम में आमंत्रित किया जाएगा और उम्मीद है कि उनके आगमन से क्षेत्र को विकास संबंधी सौगातें भी मिलेंगी।
लोक संस्कृति और स्थानीय प्रतिभाओं को मिलेगा मंच
बैठक में उपस्थित लोगों ने कहा कि जौनपुर महोत्सव को सफल बनाने के लिए सभी राजनीतिक दलों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और क्षेत्रवासियों की सहभागिता जरूरी है। महोत्सव के माध्यम से पारंपरिक नृत्य, खेलकूद, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया जाएगा। साथ ही क्षेत्र की लोक परंपराओं को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक में भाजपा मंडल अध्यक्ष सुनील थपलियाल, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष जौनपुर राम प्रकाश चमोली, जौनपुर विकास मंच के अध्यक्ष रतनमणि भट्ट, खेमराज भट्ट, जौनपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष रमेश लेखवार, क्षेत्र पंचायत सदस्य रमेश बिष्ट, निहाल सिंह रावत, अजय पाल पंवार, जयेंद्र बिजल्वाण, वीरेंद्र सिंह रावत, अकवीर सिंह पंवार, सूरज बिष्ट, विनोद राणा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।



