जनगणना-2027 की तैयारी तेज, टिहरी में 42 फील्ड ट्रेनर्स का प्रशिक्षण संपन्न
तीन दिवसीय प्रशिक्षण में डिजिटल प्रक्रिया, डाटा संकलन और सत्यापन की दी गई जानकारी; जनगणना की शुद्धता, निष्पक्षता और गोपनीयता पर विशेष जोर

टिहरी गढ़वाल, 17 अक्टूबर। जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर टिहरी गढ़वाल में प्रशिक्षण प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। नई टिहरी स्थित क्रीड़ा सभागार में 14 से 16 अक्टूबर तक आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुक्रवार को संपन्न हुआ। इसमें 42 फील्ड ट्रेनर्स को जनगणना की प्रक्रिया, तकनीकी पहलुओं और निर्धारित दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर्स ने प्रतिभागियों को जनगणना कार्यप्रणाली, डिजिटल प्रक्रियाओं, प्रपत्रों के उपयोग, डाटा संकलन एवं प्रविष्टि, सूचनाओं के सत्यापन और रिपोर्टिंग व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं से अवगत कराया। साथ ही, क्षेत्रीय स्तर पर जनगणना कार्य को व्यवस्थित, त्रुटिरहित और निर्धारित मानकों के अनुरूप संपन्न कराने के लिए आवश्यक प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई।
प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को भी देंगे प्रशिक्षण
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य फील्ड ट्रेनर्स को जनगणना कार्य के विभिन्न पहलुओं में दक्ष बनाना है, ताकि वे अपने-अपने क्षेत्रों में तैनात प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रभावी एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दे सकें। इससे जनगणना की प्रक्रिया को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार संचालित करने में मदद मिलेगी।
आंकड़ों की शुद्धता और गोपनीयता पर जोर
प्रशिक्षण के दौरान जनगणना संबंधी दिशा-निर्देशों का सही अनुपालन सुनिश्चित करने के साथ ही आंकड़ों की शुद्धता, निष्पक्षता और गोपनीयता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। इसके अलावा नागरिकों से संवाद करते समय संवेदनशीलता बरतने और सूचनाओं का सही तरीके से संकलन करने की आवश्यकता भी बताई गई।
मास्टर ट्रेनर्स ने प्रतिभागियों की शंकाओं का समाधान करते हुए जनगणना की विभिन्न प्रक्रियाओं को सरल और व्यावहारिक तरीके से समझाया। साथ ही, फील्ड ट्रेनर्स को आगे प्रशिक्षण देते समय सभी प्रक्रियाओं में एकरूपता बनाए रखने तथा तकनीकी पहलुओं की स्पष्ट जानकारी देने के निर्देशों पर जोर दिया गया।



