थत्यूड

फेडी किमोड़ा में वे-साइड ईट्रीज का लोकार्पण, महिलाओं को मिलेगा स्वरोजगार का नया मंच

ग्रामोत्थान (रीप) परियोजना के तहत स्वायत्त सहकारिता समूह को सौंपा गया संचालन, मंत्री ने बताया महिला सशक्तिकरण की मिसाल

रिपोर्ट–मुकेश रावत 

थत्यूड़ (टिहरी गढ़वाल)। जनपद टिहरी गढ़वाल के विकासखंड जौनपुर अंतर्गत फेडी किमोड़ा में ग्रामोत्थान (रीप) परियोजना के अंतर्गत वित्तपोषित वे-साइड ईट्रीज का लोकार्पण ग्राम्य विकास मंत्री गणेश जोशी द्वारा किया गया। इस वे-साइड ईट्रीज का संचालन माँ भवानी स्वायत्त सहकारिता–स्याल्सी भवान समूह द्वारा किया जाएगा।

लोकार्पण अवसर पर मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं के आजीविका संवर्धन, आत्मनिर्भरता और सामाजिक सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रभावी कदम उठा रही है। उन्होंने बताया कि अब तक प्रदेश में 1.65 लाख महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाए जाने का लक्ष्य प्राप्त किया जा चुका है, जो महिला केंद्रित योजनाओं की सफलता का प्रमाण है।

मंत्री ने कहा कि ग्रामोत्थान (रीप) परियोजना के माध्यम से महिला स्वयं सहायता समूहों को स्वरोजगार के स्थायी अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इससे जहां महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है, वहीं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई दिशा मिल रही है। वे-साइड ईट्रीज जैसी पहलें स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के साथ-साथ पर्यटन को प्रोत्साहित करेंगी और ग्रामीण क्षेत्रों में आय के नए स्रोत विकसित करेंगी।

उन्होंने सहकारिता समूह से जुड़ी महिलाओं को बधाई देते हुए आशा व्यक्त की कि यह पहल अन्य स्वयं सहायता समूहों के लिए भी प्रेरणास्रोत सिद्ध होगी। इस दौरान उपनल कर्मियों द्वारा समान कार्य के लिए समान वेतन की दिशा में किए गए प्रयासों को लेकर मंत्री गणेश जोशी का आभार भी व्यक्त किया गया।

कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार, मंडल अध्यक्ष सुनील थपलियाल, जिला पंचायत सदस्य ममता, जिला विकास अधिकारी मो. असलम, रीप परियोजना के प्रबंधक, तहसीलदार धनोल्टी बिरम सिंह पंवार, ग्राम प्रधान सतपाल पंवार, सुभाष पंवार, खेमराज भट्ट,  विनीता रावत, ब्रह्मकांत भट्ट सहित विभागीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं स्वयं सहायता समूह की महिलाएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!