उत्तराखंड ताज़ा

30 हजार युवाओं को नौकरी, मुख्यमंत्री धामी ने भेजा भावुक संदेश

डिजिटल पत्र लिखकर बोले सीएम धामी – ईमानदारी और जनसेवा को बनाएं अपना धर्म

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने बीते चार वर्षों में सरकारी सेवाओं में चयनित हुए हजारों युवाओं को डिजिटल माध्यम से शुभकामना पत्र भेजकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। मुख्यमंत्री ने युवाओं से निष्पक्षता, ईमानदारी और मानवीय मूल्यों के साथ जनसेवा करने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री धामी ने अपने संदेश में कहा कि वर्ष 2022 में जनता ने उन्हें दूसरी बार प्रदेश का नेतृत्व सौंपा और उसी दिन से राज्य में बेरोजगारी कम करने तथा सरकारी विभागों में रिक्त पदों को भरने के लिए व्यापक भर्ती अभियान शुरू किया गया। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार अब तक करीब 30 हजार से अधिक युवाओं को राजकीय सेवक के रूप में नियुक्ति दे चुकी है और यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

सीएम धामी ने कहा कि आज उत्तराखंड के युवा अपनी प्रतिभा और कठिन मेहनत के दम पर सरकारी सेवाओं में चयनित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा लागू किए गए सख्त नकल विरोधी कानून, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और निष्पक्ष चयन व्यवस्था ने प्रतिभाशाली युवाओं को उनका हक दिलाने का काम किया है।

मुख्यमंत्री ने चयनित कार्मिकों से अपील करते हुए कहा कि राजकीय सेवक के रूप में उनकी जिम्मेदारी केवल नौकरी तक सीमित नहीं है, बल्कि आमजन की उम्मीदों और विश्वास को कायम रखना भी है। उन्होंने युवाओं से ईमानदारी के साथ अपने दायित्व निभाने और हमेशा जनता की सेवा के लिए तत्पर रहने का आग्रह किया।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने कई चयनित युवाओं से दूरभाष पर बातचीत कर उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए बधाई दी और पूरे उत्साह के साथ जनसेवा में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!