खेल

खेल महाकुंभ में उत्तराखंड के 3.17 लाख खिलाड़ियों ने दिखाया दम, मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी का समापन

पिछले साल के मुकाबले करीब एक लाख अधिक खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा, खेल मंत्री रेखा आर्या बोलीं- खेलों से युवाओं के लिए खुल रहे रोजगार और सम्मान के नए रास्ते

देहरादून। उत्तराखंड में खेल प्रतिभाओं को निखारने और युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित खेल महाकुंभ-2026 के अंतर्गत मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी का रविवार को समापन हो गया। देहरादून में आयोजित समापन समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और खेल मंत्री रेखा आर्या शामिल हुए। इस दौरान खिलाड़ियों ने मलखंब और योग की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया।

खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि खेल महाकुंभ प्रदेश के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाने का सशक्त मंच बन चुका है। न्याय पंचायत से लेकर राज्य स्तर तक आयोजित प्रतियोगिताओं के माध्यम से हजारों बच्चों और युवाओं को अपनी प्रतिभा साबित करने का अवसर मिल रहा है।

एक साल में करीब एक लाख बढ़े खिलाड़ी

खेल मंत्री ने बताया कि खेल महाकुंभ में इस वर्ष खिलाड़ियों की भागीदारी में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। वर्ष 2025 में जहां 2.19 लाख खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया था, वहीं वर्ष 2026 में यह संख्या बढ़कर 3.17 लाख हो गई। इस बार कुल 3.33 लाख खिलाड़ियों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया। पिछले वर्ष की तुलना में खिलाड़ियों की बढ़ती संख्या प्रदेश में खेलों के प्रति बढ़ते उत्साह को दर्शाती है।

32 खेल विधाओं में आयोजित हुईं प्रतियोगिताएं

खेल महाकुंभ-2026 में कुल 32 खेल विधाओं को शामिल किया गया। प्रतियोगिताओं का आयोजन न्याय पंचायत, विधानसभा और संसदीय क्षेत्र स्तर पर किया गया। इनमें न्याय पंचायत स्तर की 662, विधानसभा स्तर की 70 और संसदीय क्षेत्र स्तर की आठ प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं।

इन प्रतियोगिताओं में पारंपरिक खेलों के साथ आधुनिक और ओलंपिक खेलों को भी शामिल किया गया, ताकि खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने के लिए व्यापक अवसर मिल सकें।

विजेताओं को मिलेगी 11.50 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि

खेल मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि खेल महाकुंभ के विभिन्न स्तरों पर विजेता खिलाड़ियों को कुल 11.50 करोड़ रुपये की नकद पुरस्कार राशि वितरित की जाएगी। प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को निर्धारित पुरस्कार राशि के साथ प्रमाणपत्र और मेडल प्रदान किए गए।

इसके अतिरिक्त राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों के लिए ट्रैकसूट, खेल किट, जूते और भोजन की व्यवस्था भी की गई।

खेलों से युवाओं को मिल रहे रोजगार के अवसर

खेल मंत्री ने कहा कि आज खेल केवल शारीरिक और मानसिक विकास का माध्यम नहीं रह गए हैं, बल्कि इनके जरिए युवाओं के लिए रोजगार, सम्मान और बेहतर भविष्य के नए अवसर भी खुल रहे हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करें।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र में मौजूद खेल प्रतिभाओं को उचित प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और प्रोत्साहन उपलब्ध कराना है, ताकि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के खिलाड़ी भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।

उत्तराखंड को खेलों के राष्ट्रीय मानचित्र पर स्थापित करने का लक्ष्य

रेखा आर्या ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार खेलों के विकास के लिए लगातार काम कर रही है। खिलाड़ियों को आधुनिक खेल अवस्थापना, बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं और प्रोत्साहन उपलब्ध कराने के साथ उत्तराखंड को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर स्थापित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि उत्तराखंड के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश और देवभूमि का नाम रोशन करें। खेल महाकुंभ इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जो गांवों और दूरस्थ क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान कर रही है।

समापन समारोह में खेल मंत्री ने सभी विजेता खिलाड़ियों, प्रतिभागियों, प्रशिक्षकों, अभिभावकों और आयोजन से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम में राज्य युवा कल्याण सलाहकार परिषद के उपाध्यक्ष कुंदन लटवाल, विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा, निदेशक खेल दीप्ति सिंह, अपर निदेशक खेल अजय अग्रवाल, संयुक्त निदेशक खेल शक्ति सिंह, उपनिदेशक नीरज गुप्ता, जिला क्रीड़ा अधिकारी शबाली गुरुंग सहित विभागीय अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में खिलाड़ी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!