खेलथत्यूड

थत्यूड़ में खेल महाकुंभ का रंगारंग आगाज, विधायक चैंपियनशिप ट्रॉफी में खिलाड़ियों ने दिखाया दम

अंडर-14 वर्ग में वॉलीबॉल, खो-खो, कबड्डी, एथलेटिक्स, मुर्गा झपट और पिट्ठू समेत विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने दिखाया उत्साह

रिपोर्ट–मुकेश रावत

थत्यूड़। राजकीय इंटर कॉलेज थत्यूड़ के खेल मैदान में शनिवार को खेल महाकुंभ 2026-27 विधायक चैंपियनशिप ट्रॉफी खेलकूद प्रतियोगिता का रंगारंग शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन क्षेत्रीय विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने किया। प्रतियोगिता में अंडर-14 आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

प्रतियोगिता के दौरान वॉलीबॉल, खो-खो, कबड्डी, एथलेटिक्स, मुर्गा झपट और पिट्ठू सहित कई खेलों में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

एथलेटिक्स में खिलाड़ियों ने मारी बाजी

अंडर-14 बालक वर्ग की 600 मीटर दौड़ में न्याय पंचायत भरवाकाटल के आयुष ने प्रथम, न्याय पंचायत खेड़ा के शिवम सिंह ने द्वितीय तथा न्याय पंचायत स्यालसी के योगेश सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग में न्याय पंचायत स्यालसी की कनिष्का प्रथम, न्याय पंचायत खेड़ा की मोनिका द्वितीय और न्याय पंचायत मखड़ेत की सोनाक्षी तृतीय रहीं।

60 मीटर बालक वर्ग में न्याय पंचायत खेड़ा के अनीश रांगड़ ने प्रथम, न्याय पंचायत मंजगांव के अमित सकलानी ने द्वितीय और न्याय पंचायत स्यालसी के हर्षित ने तृतीय स्थान हासिल किया।

लंबी कूद बालक वर्ग में अनीश रांगड़ ने प्रथम, न्याय पंचायत क्यारी नगुण के देवांश जोशी ने द्वितीय और न्याय पंचायत स्यालसी के हर्षित ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग में न्याय पंचायत स्यालसी की आकांक्षा प्रथम, न्याय पंचायत मखड़ेत की इशा पड़ियार द्वितीय और न्याय पंचायत खेड़ा की तानिया तृतीय रहीं।

मुर्गा झपट में भी खिलाड़ियों ने दिखाया दम

मुर्गा झपट बालक वर्ग में 35 किलोग्राम भार वर्ग में न्याय पंचायत द्वारगढ़ के अंशुल प्रथम और न्याय पंचायत खेड़ा के सौरभ द्वितीय रहे। 38 किलोग्राम वर्ग में न्याय पंचायत खेड़ा के राहुल परमार ने प्रथम स्थान हासिल किया। 41 किलोग्राम वर्ग में गौरव, 44 किलोग्राम वर्ग में अमन रौछेला तथा 47 किलोग्राम वर्ग में अनुष रावत ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसी वर्ग में न्याय पंचायत मखड़ेत के सतवीर द्वितीय रहे।

बालिका वर्ग के 28 किलोग्राम भार वर्ग में न्याय पंचायत खेड़ा की कृतिका प्रथम, 31 किलोग्राम में राधिका प्रथम, 34 किलोग्राम में काजल प्रथम और खुशी द्वितीय तथा 37 किलोग्राम में संजना प्रथम रहीं। 40 किलोग्राम वर्ग में सिमरन ने प्रथम स्थान हासिल किया।

गोला फेंक में भी खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन

गोला फेंक बालक वर्ग में न्याय पंचायत मोगी के ऋषभ भटवान ने प्रथम, न्याय पंचायत कैंपटी के कार्तिक ने द्वितीय और न्याय पंचायत खेड़ा के आदर्श राणा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग में न्याय पंचायत खेड़ा की मोनिका प्रथम, न्याय पंचायत म्याणी की राधिका द्वितीय और न्याय पंचायत स्यालसी की कनिष्का तृतीय रहीं।

विधायक ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

इस अवसर पर विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने कहा कि क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों से बालक-बालिकाएं प्रतियोगिता में हिस्सा लेने पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने और आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार बच्चों के शारीरिक एवं सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ खेल और अन्य गतिविधियों को भी बढ़ावा दे रही है।

उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से प्रतिभाशाली खिलाड़ी आगे बढ़कर राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं।

प्रतियोगिता में विजेता प्रतिभागियों को उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख जौनपुर सीता पंवार, खंड शिक्षा अधिकारी सुनील कार्की, खंड विकास अधिकारी अर्जुन सिंह रावत, पूर्व शिक्षक संघ अध्यक्ष जौनपुर धनवीर रावत, ग्राम प्रधान थत्यूड़ मेनका सजवाण, चतर लाल शाह, युवा कल्याण अधिकारी जौनपुर, व्यापार मंडल अध्यक्ष सुनील भट्ट, महामंत्री राकेश सजवाण, सुनील सजवाण सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, व्यायाम शिक्षक, खिलाड़ी और खेल प्रेमी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!