उत्तराखंड

टिहरी में 100 नए होम स्टे बनाने के लिए ऋण देगा जिला सहकारी बैंक, युवाओं को मिलेगा स्वरोजगार का मौका

टिहरी झील से लेकर धनोल्टी, काणाताल और नागटिब्बा तक पर्यटन कारोबार को बढ़ावा देने की तैयारी; होम स्टे के लिए 10 से 40 लाख रुपये तक मिल सकेगा ऋण

रिपोर्ट –मुकेश रतूड़ी 

नई टिहरी, 31 अक्टूबर। टिहरी गढ़वाल में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने और युवाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर पैदा करने की दिशा में जिला सहकारी बैंक ने पहल की है। बैंक प्रदेश सरकार की होम स्टे योजना के तहत जिले में 100 नए होम स्टे स्थापित करने के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराएगा। इस पहल से टिहरी झील सहित जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर पर्यटन कारोबार को नई गति मिलने और स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिलने की उम्मीद है।

जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष सुभाष चंद रमोला ने शनिवार को आयोजित समीक्षा बैठक में बैंक की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पिछले एक माह में बैंक की विभिन्न शाखाओं ने 40 करोड़ रुपये से अधिक का ऋण वितरित किया है। इसके माध्यम से काश्तकारों को स्वरोजगार, कृषि और उद्यानिकी के क्षेत्र में आर्थिक सहयोग दिया गया है।

टिहरी झील सहित प्रमुख पर्यटन स्थलों पर बनेंगे होम स्टे

बैंक अध्यक्ष ने बताया कि 100 होम स्टे स्थापित करने की योजना के तहत टिहरी बांध की झील के आसपास के क्षेत्रों के साथ सेम-मुखेम, धनोल्टी, काणाताल और नागटिब्बा जैसे पर्यटन स्थलों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके लिए सभी बैंक शाखाओं को अपने आसपास के क्षेत्रों में इच्छुक लोगों से आवेदन प्राप्त करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि इस योजना को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए बैंक प्रबंधन जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करेगा। सरकार की योजना के प्रावधानों के अनुसार होम स्टे निर्माण के लिए 10 लाख से 40 लाख रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जाएगा।

लक्ष्य पूरा नहीं करने वाली शाखाओं को चेतावनी

समीक्षा बैठक में बैंक अध्यक्ष ने ऋण वितरण और वसूली की प्रगति का भी आकलन किया। उन्होंने बताया कि बैंक को दिए गए लक्ष्यों के सापेक्ष ऋण वितरण और वसूली में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।

जिला सहकारी बैंक की नई टिहरी, मुनिकीरेती, ढालवाला, सांयकालीन ढालवाला, गरखेत, नैनबाग, नरेंद्रनगर और कीर्तिनगर शाखाओं ने निर्धारित लक्ष्य पूरे किए हैं। वहीं, लक्ष्य से कम प्रगति करने वाली शाखाओं के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं। रमोला ने स्पष्ट किया कि प्रदर्शन में सुधार नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के वेतन वृद्धि पर रोक सहित अन्य कठोर कार्रवाई की जा सकती है।

त्योहारी सीजन में वाहन ऋण पर भी जोर

बैंक अध्यक्ष ने त्योहारी सीजन को देखते हुए सभी शाखाओं को वाहन ऋण वितरण के निर्धारित लक्ष्य अधिकाधिक संख्या में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से बैंकिंग योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचाने को कहा।

बैठक में बैंक के महाप्रबंधक राहुल गैरोला ने बताया कि वित्तीय वर्ष के लिए निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने के उद्देश्य से अधिकारी और कर्मचारी पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!