उत्तराखंड ताज़ा

उत्तराखंड में युवाओं को धामी सरकार की सौगात, PRD जवानों का बढ़ेगा मानदेय; हर ग्राम पंचायत में बनेगा मुख्यमंत्री खेल क्लब

‘रन फॉर यूनिटी’ में मुख्यमंत्री की बड़ी घोषणाएं, मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी की पुरस्कार राशि दोगुनी, खेलों की संख्या 32 से बढ़ाकर 50 होगी

देहरादून। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के पवेलियन ग्राउंड में आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने दौड़ में शामिल युवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश दिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने युवाओं, खिलाड़ियों और प्रांतीय रक्षक दल (PRD) के जवानों के हित में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

मुख्यमंत्री ने PRD जवानों के मानदेय में वृद्धि करने की घोषणा करते हुए कहा कि इस संबंध में जल्द ही बैठक आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही प्रदेश की प्रत्येक ग्राम पंचायत में मुख्यमंत्री खेल क्लब स्थापित किए जाएंगे। सरकार के इस कदम से ग्रामीण क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलने और स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने के अवसर मिलने की उम्मीद है।

हर ग्राम पंचायत में बनेगा मुख्यमंत्री खेल क्लब

मुख्यमंत्री ने देहरादून के आमवाला स्थित युवा केंद्र से लगी खाली भूमि को युवा कल्याण विभाग के नाम हस्तांतरित करने की घोषणा की। इस भूमि पर मिनी स्टेडियम और अग्निवीर प्रशिक्षण केंद्र बनाया जाएगा। इससे युवाओं को खेल सुविधाएं मिलने के साथ सेना में भर्ती की तैयारी के लिए भी बेहतर प्रशिक्षण का अवसर मिलेगा।

खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि में बढ़ोतरी

मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के तहत आयोजित होने वाली खेल प्रतियोगिताओं में विजेता खिलाड़ियों को मिलने वाली पुरस्कार राशि बढ़ाने की घोषणा भी की गई। न्याय पंचायत से लेकर राज्य स्तर तक खिलाड़ियों को अब पहले से अधिक पुरस्कार राशि मिलेगी।

  • न्याय पंचायत स्तर: प्रथम पुरस्कार ₹300 से बढ़ाकर ₹400, द्वितीय ₹200 से ₹300 और तृतीय ₹150 से ₹200।
  • विधानसभा स्तर: प्रथम ₹500 से ₹700, द्वितीय ₹400 से ₹500 और तृतीय ₹300 से ₹400।
  • संसदीय क्षेत्र स्तर: प्रथम ₹800 से ₹1,000, द्वितीय ₹600 से ₹800 और तृतीय ₹400 से ₹600।
  • राज्य स्तर: प्रथम ₹1,500 से ₹2,000, द्वितीय ₹1,000 से ₹1,500 और तृतीय ₹700 से ₹1,000।

इतना ही नहीं, मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी में ओवरऑल विजेता जिले को मिलने वाली मुख्यमंत्री कप की पुरस्कार राशि ₹5 लाख से बढ़ाकर ₹10 लाख कर दी जाएगी।

32 से बढ़कर 50 होंगे खेल, पारंपरिक खेलों को भी मिलेगा मौका

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के अंतर्गत 32 खेल आयोजित किए जाते हैं। अब इनकी संख्या बढ़ाकर 50 की जाएगी। इसमें उत्तराखंड के पारंपरिक खेलों को भी विशेष रूप से शामिल किया जाएगा। प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए निर्धारित कुल धनराशि में भी वृद्धि की जाएगी।

सरदार पटेल को नमन, युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील

राष्ट्रीय एकता दिवस पर मुख्यमंत्री ने भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और नेतृत्व क्षमता से देश की एकता और अखंडता को मजबूत आधार दिया। विभिन्न रियासतों का एकीकरण कर उन्होंने सशक्त भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सबसे पहली पहचान भारतीय होने की है। यही भावना हमें आपसी मतभेदों से ऊपर उठकर राष्ट्र की एकता, अखंडता और विकास के लिए मिलकर कार्य करने की प्रेरणा देती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2014 से सरदार पटेल की जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। गुजरात में स्थापित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी उनके योगदान और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। युवाओं को अनुशासन, परिश्रम और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने खेल, योग और नियमित शारीरिक गतिविधियों को जीवनशैली का हिस्सा बनाने तथा नशे से दूर रहने की अपील की। साथ ही नशामुक्त उत्तराखंड के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

जोशीमठ हेलीकॉप्टर हादसे पर मुख्यमंत्री ने जताया शोक

बदरीनाथ धाम से लौटते समय जोशीमठ क्षेत्र में हुए हेलीकॉप्टर हादसे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुःख व्यक्त किया। उन्होंने हादसे में दिवंगत हुए लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने भगवान बदरी विशाल से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और परिजनों को इस कठिन समय में दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और खजान दास, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, देहरादून के महापौर सौरभ थपलियाल, विधायक बृजभूषण गैरोला, उत्तराखंड राज्य स्तरीय खेल परिषद के अध्यक्ष कुलदीप बुटोला, उपाध्यक्ष हेमराज बिष्ट, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, निदेशक खेल दीप्ति सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!