खेल महाकुंभ में खिलाड़ियों ने दिखाया दम, एथलेटिक्स में यमुनोत्री की प्रिया और इच्छा ने मारी बाजी
मनेरा खेल मैदान में सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी का चौथा दिन; ऊंची कूद, लंबी कूद और गोला फेंक में खिलाड़ियों ने जीते पदक

उत्तरकाशी, 02 अक्टूबर। खेल महाकुंभ- मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी 2026 के तहत खेल मैदान मनेरा में आयोजित सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी खेलकूद प्रतियोगिता के चौथे दिन अंडर-14 आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं ने विभिन्न स्पर्धाओं में दमखम दिखाया। एथलेटिक्स के साथ ही वॉलीबॉल, कबड्डी, पिट्टू तथा अंडर-19 और अंडर-14 बालिका वर्ग की खो-खो प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
अंडर-14 बालिका वर्ग की ऊंची कूद प्रतियोगिता में यमुनोत्री विधानसभा की प्रिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। टिहरी की उन्नति दूसरे और पुरोला की शिवानी तीसरे स्थान पर रहीं।
वहीं लंबी कूद में भी यमुनोत्री की बालिका ने बाजी मारी। इच्छा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि गंगोत्री की नंदिनी द्वितीय और घनसाली की पूजा तृतीय स्थान पर रहीं।
गोला फेंक की अंडर-14 बालक वर्ग की प्रतियोगिता में टिहरी विधानसभा के आयुष ने पहला स्थान हासिल किया। घनसाली के वीरेंद्र ने दूसरा और गंगोत्री के अनीश ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
अंडर-14 बालिका वर्ग की गोला फेंक प्रतियोगिता में यमुनोत्री की युष्मिता प्रथम, पुरोला की राधा द्वितीय और प्रतापनगर की हिमानी तृतीय स्थान पर रहीं।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला। मैदान पर प्रतिभागियों ने अपनी खेल प्रतिभा और अनुशासन का प्रदर्शन किया। वहीं खो-खो और पिट्टू की प्रतियोगिताएं जारी हैं, जिनमें खिलाड़ी अपनी टीम को आगे बढ़ाने के लिए जोर आजमाइश कर रहे हैं।
इस अवसर पर जिला युवा कल्याण अधिकारी विजय प्रताप, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी लोकेंद्र नेगी, प्रवेश पैन्यूली, प्रकाश भंडारी, संदीप राणा, किरण राणा, व्यायाम प्रशिक्षक सचिन रावत, संजय रावत, महेश कुमार, राजवीर रांगड़, सोबन सिंह राणा, अजय नौटियाल, सरिता भारती, खेल प्रशिक्षक राकेश कलूड़ा, अमित राणा, चंद्रमोहन, सिद्धि प्रसाद, विनोद भंडारी, शीला पंवार, गजराज पंवार, पवन राणा, अंजलि नौटियाल, सौरभ, कुसुमलता, प्रीति, सुमन सहित अन्य मौजूद रहे।



