उत्तराखंड

वृद्धजनों के सम्मान और सुरक्षा की जिम्मेदारी हम सभी की: खेम सिंह चौहान

बोराड़ी में अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर लगा एक दिवसीय शिविर, स्वास्थ्य जांच के साथ साइबर अपराध और कल्याणकारी योजनाओं की दी जानकारी

नई टिहरी। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर समाज कल्याण विभाग की ओर से स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से सामुदायिक मिलन केंद्र, बोराड़ी में एक दिवसीय शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम की थीम ‘पीढ़ियों का कारवां’ रही। शिविर में वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण करने के साथ उन्हें सरकार की कल्याणकारी योजनाओं और साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्य मंत्री (उपाध्यक्ष) खेम सिंह चौहान ने प्रतिभाग किया। उन्होंने वृद्धजनों के स्वास्थ्य, कल्याण, दीर्घायु और प्रसन्नता की कामना करते हुए कहा कि वृद्धजनों का सम्मान और उनकी सुरक्षा करना समाज के प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है। उन्होंने नई पीढ़ी से वृद्धजनों के अनुभवों और मार्गदर्शन का लाभ लेते हुए स्वस्थ एवं संवेदनशील समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

निःशुल्क स्वास्थ्य जांच और दवाओं का वितरण

शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने वृद्धजनों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच के बाद जरूरत के अनुसार उन्हें आवश्यक दवाएं भी वितरित की गईं। समाज कल्याण अधिकारी श्रेष्ठा भाकुनी ने वृद्धजनों के लिए संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए उनका प्रचार-प्रसार किया।

साइबर फ्रॉड और डिजिटल अरेस्ट से बचाव की दी जानकारी

पुलिस विभाग की टीम ने वृद्धजनों को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया। साइबर फ्रॉड, ऑनलाइन स्कैम और डिजिटल अरेस्ट जैसी घटनाओं से बचने के उपाय बताए गए। बुजुर्गों से किसी अनजान व्यक्ति के साथ बैंकिंग अथवा व्यक्तिगत जानकारी साझा न करने और संदिग्ध फोन कॉल व लिंक से सतर्क रहने की अपील की गई।

वहीं आयुर्वेद विभाग के डॉ. सत्यवीर रावत ने बदलते मौसम में स्वास्थ्य के प्रति सावधानी बरतने के उपाय बताए। उन्होंने बढ़ती उम्र में स्वस्थ, सक्रिय और तनावमुक्त जीवनशैली अपनाने के संबंध में भी उपयोगी जानकारी साझा की।

प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र सम्मानित

‘पीढ़ियों का कारवां’ थीम के तहत विभिन्न शिक्षण संस्थानों में आयोजित प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को राज्य मंत्री खेम सिंह चौहान ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

सेल्फी विद ग्रैंडपेरेंट्स प्रतियोगिता में रा.इ.का. मौलधार, नई टिहरी की कक्षा 11 की छात्रा शालिनी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। पोस्टर प्रतियोगिता में सेंट एंथनी पब्लिक स्कूल, दुंगीधार की कक्षा 12 की छात्रा कनिष्का भट्ट प्रथम रहीं।

इसी तरह गीत प्रतियोगिता में रा.बा.इ.का. बोराड़ी की कक्षा 8 की छात्रा निशु कुमारी और कविता प्रतियोगिता में रा.बा.इ.का. चंबा की कक्षा 11 की छात्रा अल्का रावत ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

कार्यक्रम में श्वेता, डॉ. आशीष, आकाश श्रीवास्तव, समाजसेवी धीरेन्द्र भंडारी, पुरुषोत्तम डोभाल सहित बड़ी संख्या में वृद्धजन एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!