टिहरी गढ़वाल

मजेपुर और गोरण में मनाई गांधी-शास्त्री जयंती, ग्रामीणों को दी योजनाओं की जानकारी

आंगन मिलन कार्यक्रम में मातृत्व वंदन, पोषण अभियान और नंदा गौरा योजना के बारे में किया जागरूक

थत्यूड़। जौनपुर विकासखंड क्षेत्र के ग्राम मजेपुर और गोरण में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर आंगनबाड़ी केंद्रों में आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों और लाभार्थियों को महिला एवं बाल विकास से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, पोषण अभियान, नंदा गौरा योजना और अन्नप्राशन सहित अन्य योजनाओं के संबंध में लाभार्थियों को जानकारी दी गई। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया और पात्रता के बारे में भी ग्रामीणों को जागरूक किया।

ग्राम मजेपुर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ती रीता भट्ट ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार की ओर से संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी। उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थी योजनाओं का लाभ लेने के लिए संबंधित विभाग से संपर्क कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करें।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने भी योजनाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त की और अपनी समस्याओं एवं जिज्ञासाओं को साझा किया। इस तरह के कार्यक्रमों को ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने और पात्र लाभार्थियों को उनका लाभ दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया गया।

इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य जमुना नौटियाल, ग्राम प्रधान चंद्रप्रकाश चमोली, खेमराज भट्ट, आंगनबाड़ी कार्यकर्ती उर्मिला भंडारी, क्षेत्र पंचायत सदस्य देवेंद्र भंडारी, ग्राम प्रधान सरस्वती रावत, दलपति पड़ियार, मृदुल भंडारी, यशवंत पंवार सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!